राजधानी में अमेरिका से लौटे IT एक्सपर्ट का ATM कार्ड बदलकर सामान्य ठग ने 1.89 लाख रुपये की ठगी, ऑनलाईन खरीददारी में खर्च किये रूपये।

रायपुर : राजधानी रायपुर में ATM से पैसे निकालने के दौरान ठगी का एक मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने भिलाई निवासी IT एक्सपर्ट का ATM कार्ड बदल दिया और उनके बैंक खाते से करीब 1 लाख 89 हजार 500 रुपये की रकम निकाल ली। बताया जा रहा है कि आरोपी ने इस राशि से ऑनलाईन खरीदारी की। पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले में जांच व वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

मदद के बहाने बदला ATM कार्ड :

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रायपुर के रिंग रोड स्थित SBI ATM की है। भिलाई निवासी IT एक्सपर्ट ATM से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मदद करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने कथित तौर पर उनका ATM कार्ड बदल दिया। पीड़ित को उस समय कार्ड बदले जाने का एहसास नहीं हुआ।

दो दिनों में खाते से उड़ाए 1.89 लाख रुपये :

बताया जा रहा है कि 3 और 4 अक्टूबर के बीच आरोपी ने पीड़ित के बैंक खाते से 1,89,500 रुपये की रकम पार कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस पैसे का इस्तेमाल ऑनलाईन खरीदारी के लिए किया गया। पीड़ित को ATM कार्ड बदले जाने और खाते से रकम गायब होने की जानकारी घटना के करीब चार दिन बाद हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

CCTV फुटेज और ऑनलाईन ट्रांजैक्शन की जांच :

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडी नगर थाना पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ATM में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा बैंक खाते से हुए लेनदेन और ऑनलाईन खरीदारी से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि ठगी में शामिल आरोपी तक पहुंचा जा सके।