रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम की आधिकारिक वेबसाईट पर पाकिस्तानी झंडे का प्रतीक और हैकिंग से जुड़ा संदेश दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वेबसाइट पर “Hacked by Over Threes 1337” लिखा नजर आया। मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम प्रबंधन ने साईबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। साईबर विशेषज्ञों की मदद से वेबसाइट से संदिग्ध झंडे और संदेश को हटा दिया गया है। फिलहाल पुलिस और साईबर सेल मामले की जांच कर रहे हैं।
वेबसाइट पर दिखा पाकिस्तानी झंडा और हैकिंग मैसेज :
नगर निगम की वेबसाईट खोलने पर सामान्य जानकारी की जगह पाकिस्तान के झंडे का प्रतीक दिखाई दिया। स्क्रीन पर हैकर का संदेश भी दर्ज था। सरकारी वेबसाइट पर इस तरह की संदिग्ध सामग्री सामने आने के बाद निगम प्रशासन हरकत में आया और मामले की शिकायत साईबर सेल से की गई।
साईबर विशेषज्ञों की मदद से हटाया गया संदेश :
शिकायत के बाद वेबसाईट की जांच और संदिग्ध सामग्री हटाने के लिये साईबर विशेषज्ञों की मदद ली गई। इसके बाद पाकिस्तानी झंडे का प्रतीक और हैकिंग मैसेज हटा दिया गया। हालांकि, वेबसाइट पर यह बदलाव किसने और किस तरीके से किया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस और साईबर सेल जांच कर रही है। जांच के जरिए वेबसाईट में अनधिकृत बदलाव की वजह और इसके पीछे शामिल व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी हैकर या साईबर समूह की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



