इंस्टाग्राम पर दोस्ती का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, भानुप्रतापपुर पुलिस ने आरोपी धनेश्वर नेताम को गिरफ्तार कर भेजा जेल।

भानुप्रतापपुर : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जान-पहचान बढ़ाकर नाबालिगों को बहलाने-फुसलाने और उनका दैहिक शोषण करने की बढ़ती घटनाओं के बीच भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां इंस्टाग्राम के माध्यम से एक नाबालिग बालिका से दोस्ती कर उसे बहला-फुसलाकर अगवा करने तथा उसके साथ बलात्कार करने वाले बीस वर्षीय युवक को पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए धर दबोचा है। यह पूरा मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कच्चे पुलिस चौकी का है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहृत नाबालिग किशोरी को पड़ोसी कोंडागांव जिले के ग्राम कुसमा से सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बुना था झूठा जाल :

प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, कोंडागांव जिले के ग्राम कुसमा निवासी 20 वर्षीय आरोपी धनेश्वर नेताम पिता संतू नेताम ने कुछ समय पूर्व कच्चे क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग किशोरी से सोशल मीडिया एप्लीकेशन इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क स्थापित किया था। धीरे-धीरे चैटिंग और मोबाईल पर बातचीत के जरिये आरोपी ने नाबालिग को अपने झांसे में ले लिया और झूठी आत्मीयता दिखाकर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया।

15 अक्टूबर को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था आरोपी

जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी धनेश्वर नेताम 15 अक्टूबर को योजनाबद्ध तरीके से कच्चे क्षेत्र पहुंचा और नाबालिग लड़की को विभिन्न प्रलोभन देकर अपने साथ भगा ले गया। आरोपी किशोरी को सीधे अपने गृह ग्राम कुसमा (जिला कोंडागांव) ले गया था। इधर, जब किशोरी काफी समय तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। सगे-संबंधियों और परिचितों के यहां पता लगाने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।

परिजनों की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मुकद्दमा, हरकत में आई पुलिस :

लापता नाबालिग के परिजनों ने तुरंत कच्चे पुलिस चौकी पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चूंकि मामला नाबालिग के लापता होने से जुड़ा था, इसलिये पुलिस ने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया। पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मुकद्दमा दर्ज कर सघन जांच-पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान कच्चे चौकी पुलिस ने अपने मुखबीर तंत्र को सक्रिय किया और मोबाईल लोकेशन सहित साईबर सेल की तकनीकी सहायता प्राप्त की। मुखबीरों से मिली सटीक सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि नाबालिग किशोरी को कोंडागांव जिले के ग्राम कुसमा में आरोपी धनेश्वर नेताम के घर पर रखा गया है।

22 अक्टूबर को दबिश देकर किशोरी को कराया मुक्त, आरोपी गिरफ्तार :

सटीक लोकेशन प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने ग्राम कुसमा में आरोपी के घर पर दबिश दी। पुलिस दल ने 22 अक्टूबर को नाबालिग किशोरी को आरोपी के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया और मौके से ही आरोपी धनेश्वर नेताम को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों को लेकर कच्चे चौकी पहुंची।

काउंसिलिंग में पीड़िता ने बताई आपबीती, पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं :

कच्चे पुलिस चौकी में महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा पीड़िता की समुचित काउंसिलिंग कराई गई और चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इस दौरान पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर बंधक बनाये रखा और उसके साथ लगातार बलात्कार किया। पीड़िता द्वारा अपने साथ हुए घिनौने कृत्य की जानकारी दिये जाने के बाद पुलिस ने दर्ज मुकद्दमे में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं सहित पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गंभीर धाराएं जोड़ीं। इसके पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

न्यायालय ने आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर :

पुलिस ने गिरफ्तारी और आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी करने के उपरांत आरोपी धनेश्वर नेताम को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। अदालत के समक्ष पुलिस ने केस डायरी और साक्ष्य प्रस्तुत किये। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के उपरांत आरोपी की जमानत अर्जी अस्वीकार कर दी और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद आरोपी को जेल दाखिल करा दिया गया है।

अभिभावकों के लिये पुलिस की अपील :

इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाईन गतिविधियों और मोबाईल के उपयोग पर निरंतर नजर रखें। किसी भी संदिग्ध संपर्क या अजनबी से मेलजोल की स्थिति में समय रहते बच्चों से संवाद स्थापित करें, ताकि नाबालिगों को ऐसे असामाजिक तत्वों का शिकार होने से बचाया जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बालिकाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जायेगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।