रायपुर : नगर पालिक निगम रायपुर ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अनुबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी कार्यवाही की है। जोन क्रमांक 9 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 स्थित बीएसयूपी खालबाड़ा में लगातार चार दिनों तक सफाई कार्य ठप्प रखने पर ठेकेदार मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बिना पूर्व अनुमति और बिना पूर्व सूचना के कार्य बंद रखने के मामले में ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में नियमानुसार ठेका निरस्त कर दिया जायेगा।
दरअसल, मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस द्वारा 20 अक्टूबर 2026 से 23 अक्टूबर 2026 तक बिना किसी पूर्व सूचना के सफाई कार्य पूरी तरह बंद रखा गया था। लगातार 4 दिनों तक काम बंद रहने से पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के निर्देश पर जोन क्रमांक 9 के स्वास्थ्य विभाग ने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है। ठेकेदार को जोन कमिश्नर के समक्ष उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही तत्काल सफाई कार्य शुरू करने और अगले 24 घंटे के भीतर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी गई है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि ठेकेदार का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है अथवा निर्धारित समय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होती है, तो नियमानुसार ठेका निरस्त करने की कार्यवाही की जायेगी। जनहित को ध्यान में रखते हुए ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी अधिरोपित किया गया है।



