मुंबई के माहिम क्षेत्र में ATS की बड़ी कार्यवाही: जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर किया था ऐसा कमेन्ट….।

मुंबई (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र एटीएस की कालाचौकी यूनिट ने मुंबई के माहिम क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। एटीएस के मुताबिक, आरोपी को माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया। जांच एजेंसी का आरोप है कि आरोपी रैपिडो राइडर और इत्र विक्रेता के तौर पर काम करने की आड़ में कट्टरपंथी विचारों का प्रचार कर रहा था।

सांप्रदायिक वैमनस्य फैला रहा था आरोपी :

एटीएस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों के जरिए सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने और राष्ट्रविरोधी भावनाएं भड़काने की कोशिश कर रहा था। उसके मोबाईल फोन से कथित तौर पर देशविरोधी सामग्री भी बरामद हुई है। जांच से पता चला है कि वह रैपिडो राइडर के तौर पर काम करने और इत्र बेचने के दौरान कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारों का प्रचार कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपी द्वारा अलग-अलग सोशल मीडिया एकाउंट्स पर कुछ विवादित कमेंट किए गए थे, जिसमें पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी से लेकर ‘जिहाद करो’ तक की बातें शामिल थीं।

सोशल मीडिया पर अलग-अलग अकाउंट के पोस्ट पर आरोपी के कमेंट्स :

  • अब जिहाद का ज़माना आ गया है।
  • हर मुस्लिम को भी हथियार रखना चाहिए उठाना चाहिए।
  • जिहाद करो भाई लोग अल्लाह के लिये अगर हिंदुस्तान में इस्लाम मस्जिद मदरसे को देखना चाहते हो तो।
  • कुछ करना था इंदिरा गांधी की तरह मोदी को भी भाई लो।
  • जिहाद करो भाई पूरे देश में मुसलमानों के साथ ज़ुल्म हो रहा है।
  • हिंदू को बैन कर दो कश्मीर में।

एटीएस की जांच में हुआ बड़ा खुलासा :

एटीएस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक टेलीग्राम ग्रुप चलाता था। आरोप है कि उसने 1 जून 2026 को इस ग्रुप पर जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर के बाबरी मस्जिद सहित अन्य मुद्दों पर दिए गए भड़काऊ ऑडियो भाषण अपलोड किए थे। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान समर्थित चरमपंथी टेलीग्राम चैनल ‘आईबीएन-ई-कासिम’ का भी सक्रिय सदस्य था। इससे पहले ठाणे जिले के पडघा से एक ट्रक ड्राइवर को सोशल मीडिया पर वांटेड आतंकियों के भाषण वाले कट्टरपंथी वीडियो डाउनलोड कर साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

मुंबई में पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं संदिग्ध आतंकी :

इससे पहले अप्रैल में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने मुंबई से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इन पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप था। आरोपियों की पहचान मोसाब अहदम उर्फ ​​कलाम कल्याण और मोहम्मद हमद कोल्लारा (दोनों मुंबई के रहने वाले) के रूप में हुई थी।

जांचकर्ताओं के अनुसार, ये दोनों व्यक्ति कट्टरपंथी विचारधारा से बुरी तरह प्रभावित थे और इनके कई आतंकी संगठनों, जैसे जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और इस्लामिक स्टेट से संबंध होने का संदेह है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ये संदिग्ध ‘मिशन खिलाफत’ और ‘सोल्जर्स ऑफ प्रॉफिट’ जैसे ऑनलाईन चरमपंथी नेटवर्कों से भी जुड़े हुए थे। अधिकारियों के मुताबिक, ऑनलाईन हैंडलर्स के जरिए इन दोनों का ‘ब्रेनवॉश’ किया गया था। जांच से पता चला था कि आरोपी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) यानी बम बनाना सीख रहे थे।