रायपुर : बंगाल की खाड़ी में बन रहे संभावित चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने 27 और 28 अक्टूबर को प्रदेश में खराब मौसम, भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टरों को पत्र भेजा है। वहीं, दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे ने भी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
स्कूलों में छुट्टी पर कलेक्टर लेंगे फैसला :
चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को पत्र भेजकर आवश्यक कदम उठाने के लिये कहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिलों में मौसम की स्थिति और स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करने के बाद कलेक्टर स्कूलों में छुट्टी घोषित करने के संबंध में उचित निर्णय ले सकते हैं।
विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता :
शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताया है। खराब मौसम के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी या जोखिम का सामना न करना पड़े, इसके लिये जिला प्रशासन को परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने को कहा गया है। हालांकि, स्कूलों में छुट्टी को लेकर निर्णय संबंधित जिलों की स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर लिया जायेगा।
रेल्वे ने जारी की यात्री एडवाइजरी :
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे ने भी यात्रियों के लिये एडवाइजरी जारी की है। रेल्वे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जांच करने की अपील की है। साथ ही, यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने और संभावित असुविधा से बचने के लिये सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आधिकारिक माध्यमों से जानकारी लेने की अपील :
रेल्वे ने यात्रियों से ट्रेन के परिचालन से जुड़ी जानकारी के लिये आधिकारिक माध्यमों का उपयोग करने की अपील की है। मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने और रेल्वे की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
आज और कल खराब मौसम की आशंका :
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से छत्तीसगढ़ में आज और कल मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसे देखते हुए प्रशासन, शिक्षा विभाग और रेल्वे ने लोगों से सतर्क रहने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



