कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब पर आपत्तिजनक टिप्पणी काकर भेजा जेल।

आरंग : कैबिनेट मंत्री एवं सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर की गई आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही की है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

कांवड़ यात्रा पोस्ट के कमेंट सेक्शन में की गई थी अभद्र टिप्पणी :

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल (@gurukhuswant) पर चंदखुरी से आरंग तक निकाली गई 71 किलोमीटर लंबी विशाल कांवड़ यात्रा से जुड़ा एक पोस्ट अपलोड किया गया था। इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में jai_praksh_official_ नामक इंस्टाग्राम आईडी से मंत्री और सतनामी समाज के खिलाफ बेहद अशोभनीय, अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणियां की गई थीं।

धार्मिक व सामाजिक भावनाएं आहत करने का आरोप :

इस घटना के सामने आने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश बघेल ने सिविल लाईन रायपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की भद्दी टिप्पणियों से न केवल मंत्री की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, बल्कि सतनामी समाज सहित सर्वसमाज की भावनाएं भी आहत हुई हैं।

बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज :

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाईन रायपुर में 17 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 296 (अश्लील कृत्य या आचरण), धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) तथा धारा 353(2) (सार्वजनिक शरारत करने वाले बयान) के तहत मुकद्दमा पंजीबद्ध किया गया था।

तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी भेजा गया सलाखों के पीछे :

प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक धीरेंद्र बंजारे द्वारा की जा रही थी। डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी की सटीक पहचान सुनिश्चित करते हुए उसे धर दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।