अहिवारा विधायक राजमहंत डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन, पार्टी और क्षेत्र में शोक की लहर, भाजपा नेता प्रकाश बजाज ने जताया शोक।

दुर्ग/भिलाई : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दुखद खबर सामने आई है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजमहंत डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है। वे करीब 73 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से उनका हैदराबाद में इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आते ही अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के साथ ही भाजपा संगठन और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। इसको लेकर भाजपा नेता प्रकाश बजाज ने कहा कि उनके आकस्मिक/दुखद निधन का समाचार सुनकर अत्यंत आघात लगा। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।

दूसरी बार बने थे अहिवारा से विधायक :

राजमहंत डोमन लाल कोर्सेवाड़ा अहिवारा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। वे भाजपा के टिकट पर दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। क्षेत्र में उनकी पहचान राजनीतिक नेता के साथ सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तित्व के रूप में भी रही। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते उन्हें उपचार के लिये हैदराबाद ले जाया गया था, जहां उनका इलाज जारी था। इसी दौरान उनके निधन की खबर सामने आई। विधायक कोर्सेवाड़ा के निधन की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त हो गया। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में उनका लंबे समय से प्रभाव रहा था।

ग्राम भेंडरा में हुआ था जन्म और प्रारंभिक जीवन :

अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का जन्म 12 अगस्त 1948 को बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम भेंडरा में हुआ था। उनके पिता का नाम स्वर्गीय नम्मू दास कोर्सेवाड़ा था। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े रहे डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से राजनीति शास्त्र में एमए की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने बीएड की शिक्षा भी प्राप्त की और बाद में शासकीय सेवा से जुड़े। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई। उनका विवाह 4 मई 1970 को कमला कोर्सेवाड़ा से हुआ था। उनके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

2008 से शुरू हुआ चुनावी सफर, 2023 में दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत :

डोमन लाल कोर्सेवाड़ा भारतीय जनता पार्टी के पुराने और अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे। वर्ष 2008 में उन्होंने पहली बार अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद लंबे राजनीतिक अंतराल के बाद वर्ष 2023 में भाजपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया।

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 मतों के बड़े अंतर से हराकर अहिवारा सीट पर भाजपा का परचम लहराया। 75 वर्ष की उम्र में चुनाव जीतने के कारण वे छठी छत्तीसगढ़ विधानसभा के सबसे बुजुर्ग विधायकों में शामिल रहे। अगस्त 2026 में उनके 78वें जन्मदिन के अवसर पर भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी थीं।

अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण में निभाई अहम जिम्मेदारी :

उनकी वरिष्ठता और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने नवंबर 2025 में उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया। उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया था। इस जिम्मेदारी के जरिए वे अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े विकास और कल्याणकारी मुद्दों को लेकर काम कर रहे थे।

अहिवारा के विकास में उल्लेखनीय योगदान :

डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का राजनीतिक जीवन अहिवारा क्षेत्र के विकास से भी जुड़ा रहा। उनके कार्यकाल में क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिये शिवनाथ नदी का पानी जामुल और अहिवारा क्षेत्र तक पहुंचाने की पहल हुई। शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्य कराए। क्षेत्र में हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों की संख्या बढ़ाने के साथ नंदिनी नगर के नागरिक कल्याण महाविद्यालय को शासकीय महाविद्यालय का दर्जा दिलाने में उनकी भूमिका बताई जाती है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिये अहिवारा के अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित कराने तथा भिलाई-3 में व्यवहार न्यायालय की स्थापना में भी उनके प्रयासों का उल्लेख मिलता है।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूर्णीय क्षति :

पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन से भाजपा संगठन, समर्थकों और अहिवारा क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। एक लंबे राजनीतिक सफर के बाद उनके निधन को क्षेत्र की राजनीति के लिये बड़ी क्षति माना जा रहा है। इसको लेकर भाजपा नेता प्रकाश बजाज ने गहरा शोक व्यक्त किया है और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे पार्टी के लिये अपूर्णीय क्षति बताया है।