बेंगलुरु में कबाब रेस्टोरेंट में जा घुसी बेकाबू कार, गर्म तेल पलटने से तीन कर्मचारी झुलसे; रूह कंपा देने वाला CCTV फुटेज आया सामने, देखें विडियो।

बेंगलुरु (कर्नाटक) : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के ग्रामीण जिले में एक हैरान कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बन्नेर्घट्टा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कबाब के रेस्टोरेंट में जा घुसी। इस हादसे में रेस्टोरेंट में काम कर रहे तीन कर्मचारी खौलते गर्म तेल की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गये। यह घटना 28 अक्टूबर की बताई जा रही है। अब इस दुर्घटना का विचलित करने वाला CCTV फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें अनियंत्रित कार को सीधे रेस्टोरेंट के भीतर घुसते देखा जा सकता है।

कार पर लगा था ‘L’ (लर्नर) बोर्ड :

बेंगलुरु ग्रामीण जिला पुलिस के अनुसार, कार पर ‘L’ (लर्नर) बोर्ड लगा हुआ था। कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक का वाहन पर से नियंत्रण पूरी तरह हट चुका था। बताया जा रहा है कि कार पहले सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहनों से टकराई और इसके बाद सीधे कबाब स्टॉल के काउंटर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेस्टोरेंट में कबाब तल रहे कर्मचारी के ऊपर गर्म तेल से भरी कढ़ाही पलट गई। साथ ही कढ़ाही का खौलता तेल वहां काम कर रहे अन्य कर्मचारियों पर भी गिर गया।

तीन कर्मचारी बुरी तरह झुलसे, अस्पताल में कराया गया भर्ती :

जिस समय कार रेस्टोरेंट के अंदर घुसी, उस वक्त कुछ लोग बाहर खड़े थे तो कुछ दुकान के अंदर खाना खा रहे थे। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में बसवराज, मुनिकृष्णा और मंजेश नाम के तीन कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गये। घटना के तुरंत बाद घायलों को उपचार के लिये नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। CCTV फुटेज सामने आने के बाद दुर्घटना की भयावहता साफ उजागर हो रही है।

महिला चला रही थी कार, पुलिस कार्यवाही जारी :

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार एक महिला चला रही थी। वाहन से नियंत्रण हटने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। बन्नेर्घट्टा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और महिला चालक को औपचारिक नोटिस जारी किया है। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा हादसे के पीछे की सभी परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है।