16 साल की लड़की से यौन शोषण के आरोप में मौलाना मुहम्मद नियास जौहरी गिरफ्तार, ‘हबीबिया इस्लामिक अकादमी’ बंद।

कोल्लम (केरल) : केरल के कोल्लम से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मुस्लिम धर्मगुरु को 16 साल की लड़की के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किये गए व्यक्ति की पहचान मुहम्मद नियास जौहरी के रूप में हुई है, जो एक व्लॉगर और धर्मगुरु है। जानकारी के मुताबिक, पिछले साल नाबालिग के साथ हुई इन घटनाओं के बारे में उसने अपने दोस्तों को बताया, जिसके बाद मामले में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा ‘हबीबिया इस्लामिक अकादमी’ को बंद कर दिया गया है।

बीमारी ठीक करने के बहाने किया यौन शोषण :

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पीड़िता को यह यकीन दिलाया कि प्रार्थना के जरिये उसकी बीमारी ठीक हो सकती है, और फिर उसका यौन शोषण किया। आरोपी ओचिरा में ‘हबीबिया इस्लामिक अकादमी’ नाम के एक संस्थान का निदेशक है। उसने 16 साल की लड़की और उसके रिश्तेदार को यह कहकर संस्थान में बुलाया था कि प्रार्थना के जरिये रिश्तेदार की बीमारी ठीक हो सकती है। यहीं पर आरोपी ने पहली बार लड़की के साथ यौन शोषण किया। इसके बाद उसने लड़की को धमकाया और उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसका यौन शोषण किया।

दोस्तों को बताने पर दर्ज हुई शिकायत :

जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर और नवंबर 2025 में हुई इन घटनाओं के बारे में लड़की ने अपने दोस्तों को बताया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी को संस्थान से हिरासत में ले लिया, और पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि मुहम्मद नियास जौहरी ने इसी तरह कई अन्य लड़कियों का भी यौन शोषण किया है। आरोपी के मोबाईल फोन की बारीकी से जांच की जा रही है।

‘हबीबिया इस्लामिक अकादमी’ पर कार्यवाही, संस्थान बंद :

वहीं कार्यवाही करते हुए ओचिरा स्थित ‘हबीबिया इस्लामिक अकादमी’ को बंद कर दिया गया है, जहां मुहम्मद नियास जौहरी निदेशक के तौर पर काम करता था। इस धार्मिक स्कूल में 40 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, जिनकी काउंसलिंग की जायेगी। आरोपी ने इस संस्थान को चलाने की आड़ में लड़की का शोषण किया था, आगे की जांच जारी है।