छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मुरासु’ का साया: बस्तर में ऑरेंज तो रायपुर-दुर्ग सहित 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी।

रायपुर : छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मुरासु’ का प्रभाव दिखाई देने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक की आशंका को देखते हुए कई जिलों के लिये ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

बस्तर संभाग के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट :

मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के पांच जिलों बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ मौसम खराब रहने की आशंका है।

रायपुर-दुर्ग सहित 15 जिलों में यलो अलर्ट :

वहीं राजधानी रायपुर, दुर्ग सहित प्रदेश के 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राजधानी में भी बदलेगा मौसम :

मौसम के इस बदलाव का असर राजधानी रायपुर में भी देखने को मिल सकता है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।