जुये का फड़ छोड़कर भागे कांग्रेसी नेता विमल अजय को पुलिस ने दबोचा, की गई प्रतिबंधात्मक कार्यवाही।

बलौदाबाजार : बलौदाबाजार जिले में जुआरियों के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान जारी है। इसी कड़ी में कसडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हसौद स्थित ग्वालिन नाला के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित दबिश दी। पुलिस को मुखबीर से पुख्ता सूचना मिली थी कि कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर कटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। मौके पर पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही जुआ फड़ पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग भागने में सफल रहे। पुलिस ने घटनास्थल से 1020 रुपये नकद और ताश की 52 पत्ती जब्त की। जांच एवं पूछताछ के दौरान गगन यादव, मुकेश यादव, नवीन साहू और विमल अजय के नाम सामने आये, जिनमें से विमल अजय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

दूसरे दिन पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार नेता, दर्ज हुआ मुकद्दमा :

फरार कांग्रेस नेता विमल अजय के विरुद्ध 5 नवंबर को अपराध क्रमांक 423/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दूसरे दिन उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई।

कार्यवाही को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चायें :

पुलिस की इस जुआ विरोधी कार्यवाही के दौरान मौके से फरार होने वाला आरोपी आखिरकार दूसरे दिन पुलिस के शिकंजे में कैसे पहुंचा, यह विषय अब क्षेत्र में व्यापक चर्चा का केंद्र बना हुआ है। फिलहाल कसडोल पुलिस द्वारा की गई इस सख्त कार्यवाही की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।