ठगी और ब्लैकमेलिंग के आरोप में दीपक टंडन रायपुर से गिरफ्तार, बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही।

रायपुर : ठगी, ब्लैकमेलिंग और उगाही जैसे गंभीर आरोपों को लेकर एक बार फिर दीपक टंडन उर्फ आंबेडकर टंडन सुर्खियों में है। लोगों को अपने जाल में फंसाकर दबाव बनाने और डिजिटल सामग्री के दुरुपयोग से जुड़े मामले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए उसे रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम पूर्व में निलंबित डीएसपी कल्पना वर्मा प्रकरण को लेकर भी चर्चा में आया था। बताया जा रहा है कि, वह ‘द हनी बैजर न्यूज़’ नामक पोर्टल का संचालन भी कर रहा था।

डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल जारी :

मामला बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, महाराणा प्रताप नगर निवासी मणिशंकर पांडे ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दीपक टंडन उर्फ आंबेडकर टंडन को रायपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाईल फोन भी जब्त किये हैं। इन मोबाईल फोन में मौजूद डिजिटल सामग्री और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

ब्लैकमेलिंग और डिजिटल सामग्री के दुरुपयोग की जांच :

पुलिस अब इस पूरे मामले में ब्लैकमेलिंग, उगाही और डिजिटल सामग्री के दुरुपयोग से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि, इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किस तरह किया गया।