रायपुर में बंद कमरे में मिले मां-बेटे के शव : 4 दिनों से अंदर से बंद था दरवाजा, बदबू आने पर खुला राज, ऑनलाईन टीचिंग करती थीं महिला।

रायपुर : राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा अशोक नगर में एक किराये के मकान से मां और बेटे का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मां-बेटे के कमरे का दरवाजा पिछले तीन से चार दिनों से अंदर से बंद था। जब कमरे से तेज बदबू आने लगी, तब आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस, कमरे में मिलीं दो लाशें :

इस मामले की सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और कमरे के अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर 52 वर्षीय महिला का शव फर्श पर और 25 वर्षीय बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 52 वर्षीय जयजी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख देशमुख के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब चार वर्षों से दिलीप मंडल के मकान में किराये पर रह रहे थे। जयजी देशमुख ऑनलाईन टीचिंग का काम करती थीं, वहीं उनका बेटा हंसमुख लंबे समय से बीमार था और उसका उपचार चल रहा था।

तीन-चार दिनों से बंद था दरवाजा, बदबू आने पर हुआ खुलासा :

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले तीन से चार दिनों से मां-बेटे अपने कमरे से बाहर नहीं निकले थे और न ही आसपास किसी को दिखाई दिये थे। शुरुआत में पड़ोसियों ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब कमरे से तीव्र दुर्गंध आने लगी तो किसी अनहोनी का संदेह हुआ और तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।

एफएसएल (FSL) टीम ने जुटाये साक्ष्य, जांच जारी :

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये हैं। पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है।

शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस आत्महत्या के संदेह सहित सभी संभावित कोणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।