कांग्रेस की घोषणा पर भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने पूछा – क्या गांधी परिवार पर लागू होगी जातीय जनगणना।

रायपुर : बिहार में जातीय जनगणना होने के बाद देश में बवाल मचा हुआ है, जिसको लेकर इसके विरोध में एक धड़ा कह रहा है ये हिन्दुओं को बांटने की साजिश है, तो किसी ने इसका फायदा पूछा है, इससे क्या हासिल होगा? इधर इसको लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी अपने चुनावी वादे में इसका ऐलान कर दिया है। इधर कांग्रेस के जातीय जनगणना के मुद्दे व राहुल गांधी के प्रदेश में चुनावी सभा भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि क्या जातीय जनगणना गांधी परिवार पर भी लागू होगी? इसका जवाब राहुल गांधी को देना चाहिए।

मीडिया से बातचीत के दौरान रविशंकर प्रसाद ने कहा कि दरअसल राहुल गांधी को जो पर्ची पकड़ा दी जाती है, वह वहीं भाषा बोलते हैं। कभी राफेल के बारे में, कभी अडाणी तो कभी सावरकर के बारे में। अब जातीय जनगणना का नया शिगूफा छोड़ा है। सच तो यह है कि राहुल गांधी स्वयं इसमें शामिल नहीं होंगे। नीतिश कुमार का बिहार मॉडल भी फेल हैं। जातीय जनगणना के नाम पर वहां अत्याचार हो रहा है। अभी तक इसके क्या फायदे सामने आये है?

कांग्रेसी घोषणा करते हैं, पालन नहीं :

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी घोषणा करते हैं, लेकिन पालन नहीं करते। राजस्थान-कर्नाटक में उन्होंने कहा था कि हम केबिनेट की पहली बैठक में वादों को लागू करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सच तो यह है कि वे नई घोषणा के पहले पुरानी की गई घोषणाओं पर बात नहीं करते। छत्तीसगढ़ में भी हमने दूरबीन लेकर विकास खोजा, लेकिन नहीं मिला। 200 फूड पार्क खोलने की घोषणा कांग्रेस ने की थी, लेकिन यह दिखाई नहीं दे रहा। रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

भ्रष्टाचार में अधिकारी से लेकर नेता लिप्‍त :

पीएससी घोटाले पर पलटवार करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पीएससी घोटाले में चेयरमेन से लेकर नेता लिप्त है। चेयरमेन पर पूरा परिवार पीएससी में सलेक्ट हो गया। सरकार भ्रष्टाचार नहीं रोक पा रही है। छत्तीसगढ़ में पूंजी निवेश बंद हो चुका है।

भूपेश बघेल अदाणी के नाम केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हैं। पहले वह यह बताएं कि छत्तीसगढ़ में अदाणी को कोयला खदान की मंजूरी किसने प्रदान की? राजस्थान व केरला में अदाणी के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। सच तो यह है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने निवेश रोक दिया है। बीते 5 साल में विकास कार्य बिलकुल ठप्प हो चुके है।

कांग्रेस सरकार आने पर जातिगत जनगणना कराएंगे : अंशुल अविजीत

एआइसीसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अंशुल अविजीत ने पत्रकारवार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ में हम 75 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे। चुनाव जीतने के बाद हमने जातीय जनगणना कराने की घोषणा की है। यह हमारा चुनावी वादा भी है। इसकी आवश्यकता इसलिए है कि क्योंकि इससे सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक हकीकत सामने आ सकेगी।

जातीय जनगणना के सर्वे के बाद यह तय होगा कि जरूरतमंदों को किस तरह बजट की राशि आवंटित हो सकेगी। छत्तीसगढ़ का आरक्षण बिल राजभवन में लंबित है। इसका जवाब भी भाजपा को देना चाहिए। बीते पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसका बड़ा परिणाम चुनाव में आएगा। इसका लोगों को फायदा भी मिलेगा।