कुलदीप जुनेजा के पक्ष में भूपेश की सभा के दौरान, आपस में ही भिड़े दो कांग्रेसी गुट, जमकर हुई मारपीट।

रायपुर : समय – समय पर पार्टियों में अंतर्कलह सामने आ ही जाती है, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री की सभा के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के दो गुटो में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान सभा स्थल पर जमकर बवाल हुआ जिसके कारण कई कुर्सियां भी तोड़ी गई। मौके पर मौजूद पुलिस को विवाद सुलझाने के लिए कार्यकर्ताओं को खदेड़ना पड़ा। मतदान की तारीख आते ही चुनावी प्रचार भी तेज हो गया है। वहीं, कांग्रेस में अंतर्कलह भी अब खुलकर सामने आने लगी है। शुक्रवार को प्रगति मैदान में आयोजित सीएम भूपेश बघेल की चुनावी सभा के बाद कांग्रेस के दो गुट के कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए और एक-दूसरे को मारने पीटने लगे। नौबत यहां तक आ गई कि दो कार्यकर्ता गौरव पटेल और श्रीजन चंद्राकर का सिर फूट गया।

दरअसल, मुख्यमंत्री के जाने के बाद कांग्रेस के आशीष शिंदे गुट के समर्थक और कुलदीप जुनेजा गुट के समर्थक शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच दोनों ही गुटों के बीच आपसी विवाद हुआ और झगड़ा शुरू हो गया। झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया कि पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं, झगड़े के दौरान पुलिस ने भी डंडों का उपयोग किया और सभी को खदेड़ा। हालांकि दोनों ही गुट के कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी के ही थे, इसकी वजह से पुलिस में शिकायत और एफआइआर नहीं करवाई गई है। वहीं, घटना के बाद दोनों ही चोटिल कार्यकर्ताओं को जिला अस्पताल ले जाया गया और वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी वापस चले गए। इस घटना को लेकर शहर में सुगबुगाहट शुरू हो गई, और जल्द ही यह खबर पूरे शहर में फ़ैल गई।

सब्सक्राइब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@machisfilmproduction/videos

सोशल मीडिया पर कुलदीप के साथ आशीष शिंदे :

चुनावी सभा के बाद जो विवाद हुआ, उसमें दोनों ही गुट कुलदीप जुनेजा के पक्ष में ही प्रचार-प्रसार व समर्थन कर रहे हैं। दो दिनों पूर्व ही आशीष शिंदे द्वारा कुलदीप जुनेजा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके पक्ष में मतदान करने के संदर्भ में अपील की थी। लेकिन सभा के बाद शक्ति प्रदर्शन के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। जबकि दो दिन पूर्व ही बृजमोहन अग्रवाल के ऊपर भी हमले की खबर सुर्ख़ियों में बनी।