रायपुर : बिना सोचे समझे कार्य करना कितना भारी पड़ जाता है, इसका अंदाजा आदमी नहीं लगा पाता। जानकारी के अनुसार तेलीबांधा क्षेत्र में एक अजब तरीके की चोरी हो गई। एक महिला घरेलू काम मांगने आई। उसे मकान मालकिन ने साफ-सफाई का काम दे दिया। महिला के बारे में उसने कोई जानकारी पता नहीं की जो उसे भाई पड़ गई। जब काम वाली महिला ने काम शुरू किया तो इसी दौरान उसकी नजर तीन लाख के जेवरों पर पड़ी जिसे लेकर वो फरार हो गई। इसकी शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के मुताबिक श्याम नगर निवासी सूरज नेभानी के घर सुबह करीब 11.30 बजे एक महिला काम की तलाश में उनके घर पर पहुंची। उनकी पत्नी रिंकी नेभानी ने उसे घर की साफ-सफाई का काम भी दे दिया। उसने अपना नाम रीमा और काशीराम नगर की रहने वाली बताया। रिंकी ने महिला को घर में साफ-सफाई करने का काम दिया और खुद बाजार चली गई। घर में उनकी मां थी। वह महिला घर के ऊपर के कमरों में काम करने लगी। इस दौरान किसी का फोन आने पर उनकी मां नीचे चली गई।
कुछ देर बाद वह ऊपर जाने लगी, तो वह महिला नीचे उतर रही थी। उनकी मां ने उसे रोका, तो महिला कुछ देर में वापस आने के नाम पर बाहर निकल गई। काफी देर बाद भी महिला वापस नहीं आई। इसके बाद जब रिंकी मार्केट से घर पहुंची और ऊपर कमरे में गई, तो अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। 3 लाख से ज्यादा के जेवर नहीं थे। इसके बाद सभी काम करने आई महिला की तलाश करने काशीराम नगर पहुंचे, तो पता चला कि उस नाम की महिला ही नहीं है। इसके बाद मामले की शिकायत तेलीबांधा थाने में की। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर संदेही महिला की तलाश कर रही है।