राजधानी के पश्चिम विधानसभा में नेम प्लेट अभियान शुरू: विधायक विकास उपाध्याय खुद घर-घर जाकर लगा रहे हैं नेम प्लेट

रायपुर। विधानसभा-2023 के चुनाव में अभी 10 महीने बाकी हैं, लेकिन अभी से सभी पार्टियां ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी हर बूथ कमेटी अध्यक्षों के घर नेम प्लेट भेजने जा रही है। रायपुर पश्चिम के विधायक विकास उपाध्याय एक कदम आगे बढ़कर हर कार्यकर्ता को नेम प्लेट दे रहे हैं।

यही नहीं कई कार्यकर्ताओं के घर जाकर खुद नेम प्लेट लगा भी रहे हैं। अभी तक वे 1200 कार्यकर्ताओं के घरों पर नेम प्लेट लगा चुके हैं। उनका लक्ष्य 4000 से अधिक कार्यकर्ताओं के घर नेम प्लेट लगाने का है।

नेम प्लेट में कांग्रेस के हाथ का सिंबल, कार्यकर्ता का नाम और कांग्रेस जनसेवक लिखा रहता है। विकास कहते हैं कि इससे हर कार्यकर्ता को एक पहचान मिल रही है। इससे उनका कांग्रेस के प्रति जुड़ाव और मजबूत हो रहा है।

जुड़ रहे नए कार्यकर्ता :

विधायक विकास उपाध्याय बताते हैं कि नेम प्लेट के कई फायदे हैं। स्थानीय लोगों यह पता चल जाता है कि यह कांग्रेस कार्यकर्ता का घर है। इसके अलावा कांग्रेस के किसी भी पदाधिकारी को यह जानना बड़ा आसान हो जाता है कि इस क्षेत्र में हमारे कितने कार्यकर्ता हैं। असा पड़ोस के लोग भी कांग्रेस से जुड़ते हैं। विकास कहते हैं कि हमने नेम प्लेट देने की शुरुआत की है, कई नए कार्यकर्ता अभी से जुड़ने लगे हैं।

हर बूथ कार्यकर्ता को देंगे ट्रेनिंग

कार्यकर्ताओं की पहचान के बाद प्रशिक्षण का दौर शुरू होगा। इसमें बूथ लेवल से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को चुनाव के मद्देनजर प्रशिक्षण दिया जाएगा। माना जा रहा है कि पिछले चुनाव में कांग्रेस को इस मॉडल से काफी फायदा हुआ था। यही वजह है कि पार्टी फिर से एक बार यह प्रक्रिया दोहराने जा रही है।