बलौदाबाजार : छै माह पूर्व छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को विक्षिप्त मनोज कुर्रे ने तोड़ दिया था, जिसके बाद राज्य में बड़ा बवाल भी हो चुका है, ऐसे मामले लगातार सामने आते रहते है, कभी मरियम की मूर्ति टूटने की खबर सामने आई तो कभी हेमू कालानी की मूर्ति तोड़ी गई, कभी अग्रसेन महाराज की मूर्ति टूटी तो कभी किसी अन्य महापुरुष की, वहीँ अब फिर से बलौदाबाज़ार जिले का मामला सामने आया है, जहाँ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम करमदा में देर रात असामाजिक तत्वों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया है।
मामले के अनुसार शरारती तत्वों ने प्रतिमा का सिर तोड़कर अलग कर दूर फेंक दिया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। इस मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्यवाही का आश्वासन देते हुए समझाईश दी, जिसके बाद स्थिति को शांत कराया गया।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में एक ओर होलिका दहन का आयोजन चल रहा था, तो वहीं दूसरी ओर महात्मा गांधी की प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना ने शांत माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया है। इस घटना ने त्योहार के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं। वहीँ फिलहाल पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था कायम कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्यवाही के बाद ही उनका आक्रोश पूरी तरह शांत होगा। खंडित प्रतिमा को सुरक्षित रखवा दिया गया है। वहीं ग्रामीण सूत्रों के अनुसार प्रशासन द्वारा जल्द ही महात्मा गांधी की नई प्रतिमा स्थापित करवाई जायेगी। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी को जल्द पकड़ने की बात कही है।



