बेगूसराय (बिहार) : जिले में बदमाश बेखौफ होते जा रहे हैं, लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे है। यहां एक बदमाश ने आभूषण की दुकान से मात्र 10 सेकेंड में ही 30 लाख से अधिक की चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दे दिया है। यह मामला वीरपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर बाजार का है। यहां बदमाश मौका पाकर एक आभूषण दुकान से सोने की ज्वैलरी से भरा थैला लेकर भाग गया। चोरी की यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर चोरी की घटना को देखा जा सकता है, इस घटना से दुकानदार को गहरा झटका लगा है।
ज्वैलरी शॉप से लेकर फरार हुआ थैला :
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दुकानदार करीब 10:45 बजे दुकान पर आया और एक शटर खोलकर दूसरा शटर खोलने जाता है। इसी बीच बदमाश आता है और ज्वैलरी से भरा थैला उठाकर फरार हो जाता है। बताया जा रहा है कि वीरपुर निवासी किरण साह की वीरपुर बाजार में मजार चौक के समीप आभूषण की दुकान है। करीब 10:45 बजे की वह अपने दुकान पर पहुंचे थे, तभी यह घटना घटित हो गई।
दुकानदार ने पुलिस से की शिकायत :
दुकान मालिक ने एक शटर खोलकर ज्वैलरी से भरा थैला काउंटर पर रख दिया। इसके बाद वह दूसरा शटर खोलने गए, तभी यह घटना हो गई। जब वह शटर खोलकर वापस लौटे और थैला नहीं देखा तो उन्होंने शोर मचाया। हालांकि आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। उन्होंने तत्काल पुलिस को इस घटना की सूचना दी है। वीरपुर थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सीसीटीवी में दिख रहे युवक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्यवाही की जा रही है।
400 ग्राम सोने के गहने होने का दावा :
महामृत्युंजय मन्त्र उत्पत्ति की कथा और महत्व के साथ : https://www.youtube.com/watch?v=L0RW9wbV1fA
पीड़ित दुकानदार किरण साह ने बताया कि बैग में 400 ग्राम सोने के जेवरात और लाॅकर की चाभी भी थी। वहीं थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। सीसीटीवी कैमरे को देखा गया है। दुकानदार ने अभी लिखित आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने के बाद स्पष्ट रूप से बताएंगे कि कितने का समान था। पुलिस को शक है कि दुकानदार द्वारा जो बताया जा रहा है उतना सोना उस झोले में नहीं था और न ही दुकानदार के द्वारा 400 ग्राम सोने से संबंधित कोई कागजात दिखाया गया है। जिससे कितना सामान था, यह संदेह के दायरे में है।



