ढक्कन लगी नकली होलोग्राम वाली शराब का खुलासा, आबकारी विभाग की कार्यवाही में दो गिरफ्तार।

रायपुर : रायपुर में नकली होलोग्राम और ढक्कन लगाकर शराब बेचने का गोरखधंधा अभी भी जारी है, शराब घोटाले में यह बड़ा काण्ड पहले भी उजागर हो चुका है। वहीँ इस मामले में आबकारी विभाग की टीम ने कार्यवाही करते हुए आमानाका थाना क्षेत्र स्थित तेंदुआ गांव के बीएच ढाबा और बीरगांव के लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में संचालित श्री गणेश प्रिंटर्स पर छापा मारा है। यहाँ तेंदुआ स्थित बीएच ढाबा का संचालक संकटमोचन सिंह नकली सुरक्षा होलोग्राम और नकली ढक्कन लगाकर शराब बेचता था। ढाबे से बड़ी मात्रा में नकली ढक्कन, विभिन्न डिस्टलरी के नकली स्टीकर और नकली होलोग्राम सीट बरामद की गई है।

मामले में जानकारी सामने आई है कि बीरगांव स्थित लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में श्री गणेश प्रिंटर्स नामक दुकान में नकली सुरक्षा होलोग्राम और स्टीकर बनाए जा रहे थे। छापे के दौरान वहां से देशी प्लेन मदिरा में लगने वाले नकली होलोग्राम की 350 से ज्यादा शीट और होलोग्राम बनाने में प्रयुक्त पेन ड्राइव और प्रिंटिंग प्रेस संचालक गणेश चौरसिया का मोबाईल जब्त किया गया है। इस मामले में आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR कराई है। जिसके बाद अब ढाबा संचालक सकंटमोचन सिंह और प्रिंटिंग प्रेस संचालक गणेश चौरसिया गिरफ्तार कर लिया गया है। 

इस मामले की जांच में यह भी सामने आया है कि नकली होलोग्राम और ढक्कनों को अन्य जिलों में भी भेजा जा रहा था, जहाँ उनका धड़ल्ले से पयोग हो रहा था। वहीँ इस मामले में आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और विभाग को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश है। यह सिंडिकेट काफी बड़ा होने कि आशंका जताई गई है।