कर्नाटक के भटकल में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान पथराव से तनाव, मस्जिद और मदरसे के शीशे तोड़ने का आरोप, भारी पुलिस बल तैनात।

भटकल (उत्तर कन्नड़): कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल कस्बे में बीते बुधवार की शाम गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक तनाव की स्थिति पैदा हो गई। आरोप है कि विसर्जन के लिए निकाले जा रहे जुलूस के दौरान कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने रास्ते में स्थित एक मस्जिद और मदरसे की इमारत पर पथराव कर दिया। इस घटना में धार्मिक परिसर की खिड़कियों के शीशे टूट गए, जिसके बाद कस्बे में तनाव फैल गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

जुलूस गुजरने के दौरान हुई घटना :

यह घटना उस समय घटी जब तालंद क्षेत्र से शुरू हुआ गणेश विसर्जन जुलूस इस्माइल सुन्नी जामिया मस्जिद और उसके परिसर में संचालित ‘ताज-उस-सुन्नत अरबी मदरसा’ के पास से गुजर रहा था। आरोप के अनुसार, जुलूस के दौरान अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अचानक इमारत को निशाना बनाकर पत्थर फेंके। अचानक हुई इस पत्थरबाजी से मस्जिद और मदरसे की खिड़कियों के कांच चकनाचूर हो गए। पुलिस प्रशासन अब मौके पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए पत्थर फेंकने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रहा है। वहीँ इस मामले में आरोपी पक्ष का कोई बयान सामने नहीं आया है।

थाने के बाहर प्रदर्शन और एफआईआर दर्ज :

धार्मिक स्थल पर पथराव की खबर फैलते ही स्थानीय मुस्लिम समुदाय में गहरा रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग भटकल टाउन पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गए और उपद्रवियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में 67 वर्षीय अब्दुल अलीम और शाहुल अमीन गवाई की ओर से पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में धार्मिक स्थल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की गई है।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर दिया कार्यवाही का आश्वासन :

हालात बिगड़ने की सूचना मिलते ही उत्तर कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) तुरंत भटकल पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी ने थाने के बाहर जुटे लोगों से बातचीत करते हुए उन्हें शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस तुरंत हरकत में आ चुकी है, शिकायत दर्ज कर ली गई है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने लोगों से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और पुलिस को अपनी जांच पूरी करने दें। वरिष्ठ अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी थाने के बाहर से शांतिपूर्वक हट गए।

इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात :

कस्बे में शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और गश्त बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के आसपास तनाव की घटनाएं सामने आई हैं; इससे पहले छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी एक सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें पथराव के चलते 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे और पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने के साथ लाठीचार्ज करना पड़ा था। फिलहाल भटकल में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रख रही है।