रायपुर : लगभग दो से तीन घंटे की हवाई यात्रा यात्रियों के लिये कुछ परेशानी भरी होती है, ऐसे में अब हवाई यात्रा करने के वालों के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है, जो उन्हें खुश करने वाली है। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में यात्री नई इन फ्लाइट मनोरंजन सेवा ‘विस्टा स्ट्रीम’ का लाभ ले सकते हैं। पैसेंजर मोबाईल फोन, टैबलेट और लैपटाप जैसे अपने व्यक्तिगत उपकरणों पर सीधे फिल्म देखने, टीवी शो और संगीत स्ट्रीम कर अपने सफर का आनंद ले सकते हैं, जिससे यात्रा के दौरान उनका मनोरंजन भी होगा।
10,000 फीट की ऊंचाई पर भी इंटरनेट :
भारत की अग्रणी वैश्विक एयरलाइन एयर इंडिया ने घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में एयरबस ए-350, बोइंग 787-9 और चुनिंदा एयरबस ए 321 नियो विमानों में वाई-फाई इंटरनेट कनेक्टिंग सेवाएं शुरू की है, जो कि यात्रियों को एक नया अनुभव देंगी। इस सुविधा के जरिए यात्री अपनी डिवाइस लैपटाप, टैबलेट, स्मार्टफोन पर वाई-फाई के माध्यम से 10,000 फीट की ऊंचाई पर भी इंटरनेट का उपयोग कर सकते हैं।
एयरप्लेन मोड का करना होगा इस्तेमाल :
अपने डिवाइस को कनेक्ट करने सबसे पहले फ्लाइट एयरप्लेन मोड चालू करना होगा। दूसरे चरण में अपने व्यक्तिगत वाई-फाई डिवाइस पर वाई-फाई चालू कर ‘विस्टा’ नेटवर्क कनेक्ट करना होगा। तीसरे चरण में क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा /चौथे चरण में अपनी पसंद का मनोरंजन चुनकर उसका आनंद ले सकते हैं। इस तरह इस सुविधा का लाभ मिलेगा।



