खेत से घर लौट रही महिला पर गिरी आकाशीय बिजली, देखें सामने सीसीटीवी विडियो।

मुंगेली : बारिश के मौसम में बिजली गिरने के मामले सामने आते रहते है, ऐसे में मुंगेली जिले के पंडरभट्ठा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई है, मामले के अनुसार बताया गया है कि 23 अगस्त की दोपहर खेत से काम कर घर लौट रही 46 वर्षीय गीता बाई पटेल अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बिजली गिरने का पूरा घटनाक्रम कैद हो गया है।

खेत से काम कर घर लौट रही थीं गीता बाई :

इस घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंडरभट्ठा निवासी गीता बाई पटेल खेत में काम करने गई हुई थीं। वहीँ काम खत्म करने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थीं। इस घटना के समय वह अपने सिर पर बर्तन लेकर मुख्य मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और आसमान में बादल छा गये और तेज गर्जना के बीच अचानक आकाशीय बिजली गीता बाई पर गिर गई। बिजली की चपेट में आते ही वह सड़क पर गिर पड़ीं, उसी दौरान यह हादसा वहां लगे हुये सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

चंद सेकेंड में हुआ दर्दनाक हादसा :

इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि यह हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, गीता बाई जमीन पर गिर चुकी थीं। घटना 23 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंडरभट्ठा मुख्य मार्ग पर हुई। इस दर्दनाक हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, फुटेज में दिखाई देता है कि आकाशीय बिजली गिरने के कुछ ही सेकेंड के भीतर महिला जमीन पर गिर जाती हैं। स्थानीय लोगों ने महिला को सड़क पर गिरा देखा तो तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और गीता बाई को तत्काल अस्पताल लेकर गए। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से महिला के परिजन गमगीन है।