सूरजपुर : चोर चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिये आये दिन नये – नये तरीके निकालते है, वहीँ चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों द्वारा अपनाए जा रहे अजब-गजब तरीकों का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए चादर ओढ़कर घर में घुसता नजर आया। हालांकि उसकी यह तरकीब भी काम नहीं आई और पूरी करतूत कैमरे में कैद हो गई, जिससे वह गिरफ्त में आ गया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि युवक ने घर में दाखिल होने के लिए पीछे की बाउंड्री वॉल के बाहर लगे पेड़ का सहारा लिया। पेड़ पर चढ़ने के लिए चोर ने लकड़ी के बत्ते ठोककर सीढ़ीनुमा रास्ता भी तैयार किया था। इसके बाद वह चादर ओढ़कर घर के अंदर दाखिल हुआ और चोरी की वारदात को अंजाम देता नजर आया।
CCTV से बचने चादर बनी चोर की ढाल :
बताया गया है कि चोर ने अपनी पहचान छिपाने और सीसीटीवी कैमरे की नजर से बचने के लिए चादर का सहारा लिया था, लेकिन उसकी हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और यह तरकीब उसके काम नहीं आई। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चोरी की बढ़ती वारदातों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं, चोरी के बढ़ते मामले लोगों के लिये मुसीबत खड़ी कर रहे है। इस मामले की सूचना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश की जा रही है। यह पूरा मामला सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।



