रायपुर : ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के मामलों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर वीरेन्द्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। लगातार इन पर कार्यवाही जारी है। न्यायलय ने दोनों आरोपियों की गिरफ़्तारी का वारंट जारी किया है। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को पुलिस जांच और पूछताछ के लिए उपस्थित होने के निर्देश भी दिए हैं। इनसे पूछताछ की जानी है। इस आदेश के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और अब उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, वीरेन्द्र और रोहित तोमर, उनके रिश्तेदारों और सहयोगियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धमकी और अवैध वसूली से जुड़े पांच अलग-अलग मामले दर्ज हैं। साथ ही आरोपी रोहित तोमर पर मारपीट का भी केस चल रहा है। इन पर अब बड़ी कार्यवाही की भी तैयारी है।
संपत्ति कुर्क करने की तैयारी :
मामलों की जांच में बरामद किए गए ज्वेलरी और नकदी को आयकर विभाग को सौंपा गया है। साथ ही प्रॉपर्टी के दस्तावेजों की भी जांच जारी है। इनके भाठागांव स्थित करीब 5000 वर्गफीट में बना ‘साई विला’ आरोपी वीरेन्द्र सिंह तोमर की पत्नी के नाम पर दर्ज है। वहीं, अभनपुर, भनपुरी समेत अन्य स्थानों पर वीरेन्द्र और रोहित के नाम पर जमीनों के दस्तावेज भी सामने आए हैं।दावा किया जा रहा है कि अगर दोनों आरोपी जल्द गिरफ्त में नहीं आते हैं, तो इनकी संपत्ति को कुर्क करने की कार्यवाही की जा सकती है। इसके अलावा फरार आरोपियों के मददगारों के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही की जा सकेगी। ऐसे में क्या ये दोनों आत्मसमर्पण करेंगे? ये सवाल भी खड़ा है।
तकनीकी जांच से तलाश तेज, नए पीड़ित सामने आये :
साथ ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी हैं और उनकी लोकेशन ट्रैक करने के लिए तकनीकी जांच जारी है। जांच के दौरान आरोपियों की संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड पुलिस को हाथ लगे हैं। इस मामले में पुलिस के बाद कई नए शिकायतकर्ता भी पहुंचे हैं। इनका आरोप है कि आरोपियों ने उनसे कई गुना ब्याज वसूलने के बाद भी गिरवी रखी जमीनों के दस्तावेज, चेक और अन्य कागजात वापस नहीं किए है, लोगों को काफी मुसीबत में डाला है। इतना ही नहीं, उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां भी दी गई है।
इस मामले में रायपुर SSP लाल उम्मेद सिंह ने कहा है कि तोमर बंधु की पुलिस लगातार तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ धारा 75 BNS के तहत कार्यवाही की जा रही है। उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया है। निर्धारित अवधि के भीतर उपस्थित नहीं होने पर उनके खिलाफ संपत्ति कुर्क की कार्यवाही की जायेगी। इस हेतु 14-15 दिन की अवधि रहती है। पुलिस अपनी वैधानिक कार्यवाही लगातार कर रही है।



