21 घंटे बाद सुरंग में मिली लापता लड़की की लाश, सामने आई यह घटना….।

गरियाबंद : बारिश के मौसम में कई घटनायें सामने आ रही है, जहाँ जल स्थल अथवा झरने में नहाने वाले युवक युवती दुर्घटना के शिकार हो रहे है, ऐसे ही पांडुका जिले के मशहूर लेकिन खतरनाक गजपल्ला वाटरफॉल में रविवार को पिकनिक मनाने गई रायपुर की 22 साल की महविश खान की जान चली गई। वह अचानक पानी में डूब गई। फिर लापता हो गई, उसकी काफी खोजबीन की गई। सोमवार दोपहर करीब 1.45 बजे 21 घंटे लंबी रेस्क्यू मुहिम के बाद उसका शव वाटरफॉल के नीचे गुफा जैसे सुरंग से मिला है, इस घटना से मृतिका के परिजन गमगीन है।

अभियान में जुटे रहे 23 से ज्यादा जवान :

महविश रविवार शाम करीब 5 बजे अपने दोस्तों (चार लड़कियों और दो लड़कों) के साथ घूमने आई हुई थी। अचानक तेज बहाव में बह गई फिर किसी को दिखाई नहीं दी। उसके दोस्तों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को इस घटना की खबर दी। इसके बाद गरियाबंद पुलिस, नगर सेना, वन विभाग की टीमों ने मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस अभियान में 23 से ज्यादा जवान जुटे रहे। बचाव टीम को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाटरफॉल के नीचे करीब 30 से 40 फीट गहरी दो सुरंगें मिलीं है। लगातार बारिश और तेज पानी के बहाव ने काम में रुकावट डाली। अंडरवॉटर कैमरे भी 10 फीट से नीचे जाकर फेल हो गए। गोताखोर भी गहराई तक नहीं जा सके। ऊपर से मधुमक्खियों के झुंड ने खतरा और बढ़ा दिया था। काफी मशक्कत से लाश मिल पाई है।

ऐसे लापता हुई थी लड़की :

स्थानीय प्रशासन पहले ही इस जगह को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर चुका है, फिर भी पर्यटक चोरी-छिपे पहुंच जाते हैं, कई बार ऐसी ही घटनायें सामने आ जाती है। इस घटना में लगभग 80 फीट ऊंची पहाड़ी पर चढ़ाई-उतराई भी बचाव दल के लिए बड़ी चुनौती बनी रही। घटना के बाद महविश के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह अचानक बहाव में खिंच गई। फिर लापता हो गई। पूरा गरियाबंद जिला इस हादसे से स्तब्ध है। वहीँ घटना अचानक घटने से युवती के साथीगण घबरा गये।