रायपुर : समय पर टिकट नहीं मिलती , इसलिये आम यात्री महीनों पहले से ही टिकटें book करवाकर रखते है, वहीँ अब शादियों के सीजन और गर्मी की छुट्टियों के बीच रेल यात्रियों की परेशानियां बढ़ने वाली हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और ईस्ट कोस्ट रेलवे द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर किए जा रहे बुनियादी ढांचे के विकास और यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण कार्यों के कारण मार्च से मई के बीच महत्वपूर्ण समय में कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
इन कार्यों के चलते कई ट्रेनें रद्द रहेंगी, आंशिक रूप से रद्द या परिवर्तित मार्ग से चलाई जायेंगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अवधि में ट्रेनों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को भीड़ और कन्फर्म टिकट पाने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। वहीँ यात्रियों के लिये बड़ी मुश्किलें खड़ी होने वाली है।
पुरी स्टेशन पर प्लेटफार्म उन्नयन :
महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पुरी स्टेशन के आधुनिकीकरण और प्लेटफार्म उन्नयन कार्य के चलते मार्च से मई तक कई लंबी दूरी की ट्रेनें पुरी तक नहीं जायेंगी। इन ट्रेनों को पहले के स्टेशनों से संचालित किया जायेगा। वहीँ लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गांधीधाम और वलसाड से आने-जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें अब पुरी के बजाय साक्षी गोपाल स्टेशन से संचालित होंगी। वहीं इंदौर-पुरी और पुरी-श्री गंगानगर एक्सप्रेस ट्रेनें बीरपुरुषोतमपुर स्टेशन से ही प्रारंभ और समाप्त होंगी।
गोंदिया स्टेशन पर वाशेबल एप्रन निर्माण :
नागपुर रेल मंडल के अंतर्गत गोंदिया स्टेशन की लाइन संख्या-6 (प्लेटफार्म नंबर-4) पर वाशेबल एप्रन निर्माण का कार्य किया जायेगा। यह कार्य तीन मई से 24 मई तक चलेगा, जिसके कारण इस अवधि में कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस 24 मई तक रद्द रहेगी, जबकि रायपुर-इतवारी पैसेंजर 23 मई तक रद रहेगी। इसके अलावा गोंदिया-डोंगरगढ़, गोंदिया-इतवारी और इतवारी-बालाघाट ट्रेनों का संचालन भी पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे आम यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव :
गोंदिया में चल रहे कार्य के कारण कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है। रीवा-इतवारी-रीवा एक्सप्रेस मई में निर्धारित तिथियों पर गोंदिया के बजाय जबलपुर-नैनपुर-बालाघाट मार्ग से संचालित होगी।
इसके अलावा बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस दो मई से 23 मई तक दुर्ग और गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। वहीं मुंबई-गोंदिया एक्सप्रेस अंजनी और गोंदिया के बीच रद्द रहेगी।
जबलपुर-गोंदिया पैसेंजर तथा तिरोड़ी और कटंगी की मेमू व डेमू सेवाएं गोंदिया और बिरसोला के बीच रद रहेंगी और इन ट्रेनों का संचालन बिरसोला तक ही सीमित रहेगा।
अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी कार्य :
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के अकलतरा स्टेशन पर यार्ड रिमाडलिंग और चौथी लाइन कनेक्टिविटी का कार्य किया जायेगा। यह कार्य 30 मार्च से 11 अप्रैल तक चलेगा।
इस दौरान बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, रायपुर-गेवरा रोड मेमू और रायपुर-कोरबा पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर ट्रेन बिलासपुर तक ही संचालित होगी।
यात्रियों के लिए राहत व्यवस्था :
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोरबा-बिलासपुर के बीच हसदेव एक्सप्रेस को पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को कुछ राहत मिल सके। हालांकि पीक सीजन के दौरान ट्रेनों की संख्या कम होने से यात्रियों को यात्रा योजना बनाने में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिससे यात्री अपनी व्यवस्था बनाने का जरूरी प्रयास कर सकते है।



