राजधानी के एमजी कार शोरूम में हुआ बड़ा हादसा, लिफ्ट से गिरा कर्मचारी और फिर….।

रायपुर : सरोना रिंग रोड स्थित एमजी कार शो रूम में एक बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है। यहां लिफ्ट में कार डिलीवरी करने जा रहा एक स्टाफ गिर कर घायल हो गया है। घायल राज एस. राव नामक सेल्स स्टाफ को कोटा रोड स्थित निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूत्रों ने घायल के पैरों व सिर में ज्यादा चोटें आने की जानकारी दी है. उसका आईसीयू में इलाज जारी है। घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसके कारण पुलिस घायल का बयान दर्ज नहीं कर पाई है। शो रूम वाले इलाके की डीडी नगर थाना पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है। शोरूम संचालक ने बताया कि ये हादसा तब हुआ जब स्टॉफ कार डिलीवरी करने के लिए सर्विस लिफ्ट से नीचे आ रहा था।

उस समय स्टॉफ मोबाइल देख रहा था और इसी दौरान उसका ध्यान भटका और वो सर्विस लिफ्ट से नीचे गिर गया। जिसके बाद काफी देर शाम तक भी पुलिस को अधिकृत तौर पर हादसे की सूचना नहीं दी गई थी। घायल कोटा क्षेत्र का ही निवासी है। इस हादसे के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला कि विशाल लिफ्ट से कार को नीचे उतारने के दौरान हादसा हुआ है। स्टाफ नीचे दबी हुई हालत में मिला। घायल को कोटा अस्पताल लाए जाने का हल्ला मचने पर सरस्वती नगर पुलिस सक्रिय हुई। हालांकि पुलिस को घायल के रिश्तेदार भी घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए है।

इस हादसे की जांच डीडी नगर थाना पुलिस कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब विशाल लिफ्ट से कार को नीचे उतारा जा रहा था। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार सर्विसिंग के दौरान नीचे लाई जा रही थी या ग्राहक को दिखाने के लिए। पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह जानकारी मिली कि लिफ्ट के अचानक गिरने से राज एस. राव नीचे दब गया था। उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि हादसा किस लापरवाही की वजह से हुआ। शो रूम प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में लापरवाही पाई गई तो शो रूम के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।