छत्तीसगढ़ में आंधी तूफान और बारिश को लेकर मौसम विभाग ने दी ये जानकारी….।

रायपुर : देशभर में कहीं तो उमस से लोग बेहाल हैं तो कहीं भारी बारिश से मुसीबत बनी हुई है। राजधानी में काफी गर्मी बढ़ गई है। वहीँ उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक आंधी-तूफान की गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। 6 अगस्त से पूरे प्रदेश में मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। बीते 24 घंटों में दुर्ग, रायपुर और बस्तर संभागों के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई है, साथ ही राजधानी में भी 15 – 15 मिनट की बारिश हुई है। आज के मौसम की बात करें तो, बिलासपुर और सरगुजा संभागों के विभिन्न इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना है। बलरामपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज हुई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 34.2°C रायपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे न्यूनतम तापमान 21.6°C पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।

साथ ही आपको बता दें कि मानसून ट्रफ अमृतसर, देहरादून, शाहजहांपुर, वाल्मीकिनगर, छिरा, बिलासपुर होते हुए अरुणाचल प्रदेश तक फैली हुई है। एक अन्य ट्रफ रेखा उत्तर-पश्चिम यूपी से पूर्वी बिहार तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर सक्रिय है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर वज्रपात व मेघगर्जन हो सकती है। रायपुर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा और हल्की वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 27°C के आसपास रहने की उम्मीद है। कुल मिलकर आने वाले 5 दिन आंधी वाली बारिश से भरे हो सकते है।