बीजापुर : जिले के पामेड़ और तर्रेम अलग अलग दो थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पामेड़ क्षेत्र के उड़तामल्ला जंगलों में माओवादियों के एक स्मारक को सुरक्षा बलों ने ध्वस्त किया है। वहीं थाना तर्रेम इलाके के कोमटपल्ली जंगलों में सर्चिंग अभियान में सुरक्षा बलों को काफी मात्रा में विस्फोटक मिला है। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने जवानों को मिली इस कामयाबी के बारे में बताया। कोबरा 208, केंद्रीय रिजर्व पुलिस 228 और जिला सुकमा से कोबरा 203 की संयुक्त टीमें थाना पामेड़ क्षेत्रान्तर्गत गुंडराजगुड़ेम, बड़सेनपल्ली, मंगलतोर और उड़तामल्ला की ओर माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी।
इस दौरान उड़तामल्ला के जंगल में जवानों ने माओवादी स्मारक को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही नेलसनार में माओवादियों के बनाए 3 स्मारकों को जवानों ने आज ध्वस्त कर दिया। ऐसे ही बंगोली और बेलनार के जंगल में माओवादियों ने ये स्मारक बना रखे थे। वहीं माओवादी विरोधी अभियान के तहत थाना तर्रेम में जिला बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 170वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने कोमटपल्ली के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली. जवानों ने बड़े चट्टानों के बीच छिपाकर रखा भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किया गया।



