गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद पुलिस ने मामूली विवाद के बाद चाकू से प्राणघातक हमला करने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन युवकों ने मामूली विवाद पर में पीड़ित पर चाकू से हमला कर दिया। यह मामला छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी का है, जहां पीड़ित अनुज पर धारदार चाकू से हमला किया गया था। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 109, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी की कार्यवाही की है। प्रार्थी मुरली कुमार ओगरे ने थाना छुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 07 सितंबर 2025 को उनके भतीजे अनुज के साथ युवराज ध्रुव, किरण बघेल और अमन ध्रुव ने गाली-गलौच कर विवाद किया था। जिसके बाद विवाद बढ़ने पर आरोपी युवराज ध्रुव ने अनुज के पेट में चाकू से वार कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान :
- युवराज ध्रुव, पिता नारद राम ध्रुव, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम सिवनी, थाना छुरा
- अमन ध्रुव, पिता स्व. नेहरू ध्रुव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम सिवनी, थाना छुरा
- किरण कुमार बघेल, पिता दयालु बघेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम सिवनी, थाना छुरा
पुलिस ने की कार्यवाही :
पुलिस ने सभी आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर गवाहों के सामने विधिवत पूछताछ की है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते विवाद और हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है। वहीँ इस गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।



