जमशेदपुर (झारखण्ड) : सीदगोडा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में उसके ससुराल में फंदे से लटका हुआ मिला है। मृतका की पहचान 32 वर्षीय स्नेहा श्रीवास्तव के रूप में हुई। इस घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां उसके शव को फंदे से उतारकर टाटा मेन अस्पताल ले गए। इस घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्नेहा के मायके पक्ष के लोगों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है और उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है। मृतका के परिजन इस घटना से स्तब्ध थे।
टाटा स्टील में पदाधिकारी है पति :
वहीँ स्नेहा के भाई अभिषेक श्रीवास्तव ने सिदगोड़ा थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला भी दर्ज कराया गया है। उसने बताया है कि 8 साल पहले स्नेहा की शादी टाटा स्टील के पदाधिकारी निखिल श्रीवास्तव से हुई थी। शादी के बाद से ही स्नेहा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वालों के द्वारा दहेज की मांग की जा रही थी। विशेष रूप से फ्लैट के लिए 20 लाख रुपये न देने पर उसे प्रताड़ना का शिकार बनाया गया। अभिषेक ने बताया कि स्नेहा ने कई बार ससुराल में हो रहे अत्याचार की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। परिजनों ने इसे हत्या बताया है।



