मुंबई (महाराष्ट्र) : डेविड धवन एक मंझे हुये निर्देशक रहे है, गोविंदा के फ़िल्मी कैरियर को सँवारने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। डेविड धवन इसाई धर्म को मानते है, उन्हीं के पुत्र है वरुण धवन। आज तक लोगों को कभी डेविड धवन के व्यवहार से ये अहसास ही नहीं हुआ की वो इसाई परिवार से सम्बद्ध है। हालांकि लोग ये बात जानते जरुर है, लेकिन उनका समर्पण हिन्दू और हिंदुस्तान के लिये भी कभी कम नहीं रहा है। वहीँ वरुण धवन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के प्रमोशन में व्यस्त चल रहे हैं। इस फिल्म में वरुण के साथ जाह्नवी कपूर लीड रोल में नजर आने वाली हैं और उनके अलावा सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ भी इस फिल्म का हिस्सा होंगे।
इस फिल्म का ट्रेलर और गाने पहले ही रिलीज हो चुके हैं और काफी पसंद भी किए जा रहे हैं। वहीं फिल्म की बात करें तो ये दशहरा के मौके पर यानी 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म प्रमोशन के बीच अब वरुण धवन ने अपने घर पर शारदीय नवरात्र के आठवें दिन यानी दुर्गा अष्टमी को कन्या भोज रखा है, जिसकी तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की है। उनके इस आयोजन में सादगी और सौम्यता बड़ी ही आसानी से देखी जा सकती है।
वरुण धवन के घर दुर्गा अष्टमी पर कन्या भोज :
दुर्गा अष्टमी पर वरुण धवन ने बच्चों के साथ दिन बिताया और उन्हीं के साथ खाना भी खाया। सोशल मीडिया पर उन्होंने कन्या भोज की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनके अगल-बगल छोटी-छोटी बच्चियां और एक लड़का भी बैठा है। वरुण को भी इस तस्वीर में इन्हीं बच्चों के साथ खाना खाते देखा जा सकता है। उनकी थाली में पूरी, सब्जी, खीर और हलवा जैसे व्यंजन हैं। उनके साथ बैठी बच्चियों के चेहरे पर एक अमूल्य मुस्कान भी है। जो स्पष्ट देखी जा सकती है।
चटकी थाली पर टिकी लोगों की निगाहें :
इस फोटो को लेकर वरुण धवन की जमकर चर्चा हो रही है। कई उनकी तारीफ भी कर रहे हैं, लेकिन इस बीच जिस चीज पर लोगों की निगाहें टिक गईं वह थी वरुण धवन की थाली। दरअसल, वरुण जिस थाली में खाना खा रहे थे, वह बगल से थोड़ी चटकी हुई थी। ये देखकर सोशल मीडिया प्रयोक्ता मजेदार कमेंट कर रहे हैं। एक प्रयोक्ता ने कमेंट करते हुए लिखा – ‘क्या मतलब, आपके यहां भी चटके बर्तन इस्तेमाल करते हैं?’ एक अन्य ने लिखा- ‘आप लोग भी चटके बर्तन जब तक अच्छे से ना चटक जाएं, रिजेक्ट नहीं करते।’ एक प्रयोक्ता ने लिखा- ‘आपके यहां भी हमारी ही तरह बर्तन चटके हुए होते हैं?’
बच्चों के लिए डिस्पोजेबल प्लेट :
दूसरी तरफ कुछ प्रयोक्ता प्लेट्स पर भी सवाल उठाते दिखे। दरअसल, वरुण इस तस्वीर में खुद तो स्टील की थाली में खाना खा रहे हैं, जबकि बच्चों के लिए डिस्पोजेबल प्लेट में खाना परोसा गया है, जिसे लेकर प्रयोक्ता नाराजगी जाहिर करते दिखे। एक प्रयोक्ता लिखता है- ‘सर अपने लिए स्टील की थाली और बच्चों के लिए डिस्पोजेबल प्लेट।’ एक ने लिखा- ‘बच्चों को पेपर वाली थाली क्यों? असली भाव तो समानता में है।’ इस तरह लोगों ने अपनी – अपनी प्रतिक्रिया दी।
वरुण धवन के रीसेंट प्रोजेक्ट :
वर्क फ्रंट की बात करें तो वरुण धवन आखिरी बार ‘बेबी जॉन’ में नजर आए थे और अब उनकी ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। ये फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर ऋषभ शेट्टी की ‘कांताराः चैप्टर 1’ से है, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी के बाद वरुण धवन ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘बॉर्डर 2’ में नजर आएंगे। वहीँ लोकप्रियता की बात करें तो वरुण का कैरियर विवादहीन रहा है, वो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय रहे है।



