RSS जिला कार्यवाह के घर में मुस्लिम समुदाय के युवकों ने घुसकर की तोड़फोड़ और हमला, सामने आया ये मामला….।

बिजनौर (उ.प्र.) : जिले में RSS के जिला कार्यवाह के घर पर दूसरे समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया है। इस हमले में घर के परिजनों से बदसलूकी का आरोप भी लगा है। इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ। बिजनौर की धामपुर तहसील में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाहक विपिन चौहान के घर पर तड़के 3 बजे हमला होने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार संघ के जिला कार्यवाह के घर पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने कथित रूप से घर में घुसकर तोड़फोड़ की और मारपीट की है। आरोप है कि हमलावर दूसरे समुदाय के थे, जिन्होंने घर में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद हिंदू संगठनों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता जमा हो गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग करने लगे।

स्थानीय विधायक ने दिया कार्रवाई का आश्वासन :

आरोप है कि इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया। बहरहाल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हालात को काबू में कर लिया है और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। इस मामले पर धामपुर विधायक अशोक कुमार राणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

शोएब की कुछ दिन पहले आरएसएस के कार्यवाह विपिन से किसी बात को लेकर मनमुटाव हुआ था, जिसके बाद उसने कथित रूप से कुछ लोगों के साथ मिलकर घर में तोड़फोड़ की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों शोएब और सत्तार को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। धामपुर सीओ अभय प्रताप पाण्डेय ने टेलीफोनिक बातचीत में जानकारी दी है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करके जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।