रायपुर : राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है, आरोपियों को पकड़ने में पुलिस ने मुस्तैदी से काम लिया और आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक सोने का रानी हार खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे। उस समय दुकान में संचालक का पुत्र भी मौजूद था, जब महिला ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
दुकान में जेवर देखने के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी एक हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान के बाहर गई और सहेली को बुलाकर लाने की बात कहकर वहां से फरार हो गई, जिसके बाद वह नहीं लौटी और दुकानदार को ठगी का अहसास हुआ।
महिला के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। पूछताछ के दौरान युवक भी मौका देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। प्रार्थी की शिकायत पर टिकरापारा थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही शुरू की। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार महिला आरोपी का पता लगाया गया। इसके बाद पुलिस ने दुर्ग शहर से महिला आरोपी को चोरी किए गए जेवरों सहित गिरफ्तार किया।
आरोपियों को पकड़ने के बाद उनके कब्जे से निम्न सामान बरामद हुआ :
- सोने का रानी हार
- सोने की चांद बाली (1 जोड़ी)
- सोने की अंगूठी
- चांदी की पायल (1 जोड़ी)
- चांदी की बिछिया (3 जोड़ी)
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 5.33 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी :
- कमलेश्वरी साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम चांपा, जिला जांजगीर चांपा।
- मेषराम साहू (21 वर्ष), निवासी ग्राम बिरोदा, थान अभनपुर, जिला रायपुर।
महिला आरोपी मेषराम के दोस्त की भाभी है, दोनों ने योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ की जायेगी।



