घर के सामने पार्किंग में लगाई गई कार हुई चोरी, मोबाईल में आया एक्सीडेंट का नोटिफिकेशन।

रायपुर : कार चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, राजधानी के शंकर नगर क्षेत्र में शातिर नाबालिगों ने कार चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ दो नाबालिग घर के बाहर खड़ी कार (स्कोडा कुशाक) को चुरा ले गए। जिसके बाद अगली सुबह रायपुर-महासमुंद मार्ग के तुमगांव के सुनसान जगह पर कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली। इस घटना की जानकारी कार मालिक को मोबाईल पर नोटिफिकेशन के जरिए मिली। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को बरामद कर लिया। यह पूरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, शंकर नगर सेक्टर-2 में चोरों ने एक स्कोडा कुशाक कार चोरी कर ली थी, जिसको लेकर पीड़ित मिलन चंद गाईन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया गया है कि 4 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे उनके पिता ने कार (क्रमांक CG04PK9472) घर के बाहर खड़ी कर लॉक कर दिया था। वहीँ अगले दिन सुबह करीब 6.40 बजे जब उन्होंने बाहर देखा तो कार वहां नहीं थी। परिजनों ने आसपास कई जगहों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।

वहीँ पुलिस ने मामला दर्ज कर दो नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। घटना को लेकर आगे की कार्यवाही जारी है। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस वीडियो में दो शातिर नाबालिग रात के वक्त कार को चोरी करते नजर आ रहे हैं। इस चौंकाने वाली घटना ने आसपास के रहवासियों को डर में जीने को मजबूर कर दिया है, आजकल ऐसे ही कई लोगों के वाहन घर के बाहर ही रखे रहते है।