फतेहगंज पूर्वी (उ.प्र.) : सड़क दुर्घटनाओं से आये दिन कहीं ना कहीं किसी की मौत की खबर सामने आ ही जाती है। ऐसे ही लखनऊ हाईवे पर सोमवार सुबह करीब सात बजे भीषण हादसा हो गया। इस घटना में कुत्ते को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस खौफनाक हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया।
इस घटना में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से हरदोई निवासी अर्पण पांडेय मुरादाबाद की ग्रामीण बैंक में मैनेजर के पद पर तैनात थे। उनके पिता अशोक पांडेय मुरादाबाद के ही कुंदरकी थाने में दरोगा हैं। दीपावली पर अर्पण अपनी मां मनोरमा के साथ घर गए हुये थे। छुट्टी खत्म होने के बाद वापस ड्यूटी पर जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे के आस-पास वह फतेहगंज पूर्वी के टिसुआ गांव के पास पहुंचे। इसी बीच अचानक एक कुत्ता दौड़ता हुआ उनकी कार के सामने आ गया, जिससे वो हड़बड़ा गये। उसे बचाने के लिए अर्पण ने ब्रेक लगाए तो उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की दूसरी ओर चली गई।
वहीँ उसी समय सामने दूसरी साइड में बरेली की तरफ से जा रही तेज रफ्तार डीसीएम ने अर्पण की कार को टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भयानक था कि अर्पण की कार के परखच्चे उड़ गए। इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, मगर वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्पण के पिता को जब इस बात की सूचना मिली तो वह बेसुध हो गए। पुलिस के मुताबिक, वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए हैं, वहीं हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने डीसीएम को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
आवारा आतंक से हो रही घटनाएं :
हाईवे पर आवारा पशुओं के कारण रोजाना कई हादसे हो रहे हैं, लेकिन उसके बावजूद जिम्मेदार आंख मूंद कर बैठे हैं। हाईवे पर घूमने वाले आवारा गौवंश, कुत्ते जिनकी वजह से वाहन चालक नियंत्रण खो बैठते हैं और हादसे का शिकार हो जाते हैं। इसकी जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है। फतेहगंज पूर्वी के थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि इस हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, घायल मां बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचना के बाद दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीँ इस हादसे से सबक लेकर आवारा पशुओं का समाधान निकलना जरुरी हो गया है।



