रायपुर : राजधानी में सड़क हादसे लगातार हो रहे है, ऐसे ही रायपुर के टेकारी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदर टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना में मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान कुश साहू, टेकारी निवासी के रूप में हुई है। कुश दूध बेचने का काम करता था।
सुबह वह किसी काम से बाइक पर सवार होकर निकला था। लेकिन तेज रफ्तार कार ने उसे ठोकर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और घटना को लेकर लोगों का गुस्सा इतना था कि वे सड़क से हटने को तैयार नहीं थे, जिससे क्षेत्र में भारी जाम की स्थिति बन गई। पुलिस टीम हंगामा शांत कराने और यातायात बहाल करने की कोशिश में जुट गई थी, मामले के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही की।



