50 हजार की रिश्वत लेते नायाब तहसीलदार को ACB ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

बिलासपुर : एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शनिवार को सीपत तहसील में एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। यहां के नायाब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। अधिकारी किसान की जमीन की फौती दर्ज करने और नामांतरण के लिए अवैध रकम मांग रहा था। पहले भी ACB ने कई रिश्वतखोरों को पकड़ा है।

इस मामले में डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम बिटकुला निवासी प्रवीण पाटनवार ने 30 अक्टूबर को शिकायत की थी कि उसकी दिवंगत मां के नाम पर 21 एकड़ कृषि भूमि है। फौती दर्ज कर रिकॉर्ड में उसका और उसके भाई-बहनों का नाम जोड़ने के बदले नायब तहसीलदार कुर्रे ने 1.50 लाख रुपए की मांग की थी। जिसके बाद उसको रंगेहाथ पकड़ने की तैयारी की गई। इस शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए। सत्यापन के दौरान आरोपी ने 1.20 लाख रुपए में सौदा तय कर लिया, जिसके बाद एसीबी ने ट्रैप की तैयारी की।

जिसके बाद 10 नवंबर को आवेदक को 50 हजार रुपए की पहली किस्त देकर भेजा गया था। आरोपी ने यह रकम NTPC सीपत स्थित कॉफी हाउस में ली। जैसे ही उसने पैसे स्वीकार किए, पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जिससे वो सकपका गया। रिश्वत की पूरी राशि आरोपी से बरामद कर ली गई है। अचानक हुई कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एसीबी बिलासपुर की यह कार्यवाही पिछले डेढ़ साल में की गई 37वीं सफल कार्यवाही है।

धारा 7 के तहत मामला दर्ज, अभियान जारी :

एसीबी ने आरोपी नायाब तहसीलदार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि रिश्वतखोरी के खिलाफ यह मुहिम लगातार जारी रहेगी. उन्होंने रिश्वत मांगने से जुड़े मामलों की शिकायत के लिए मोबाइल नंबर 9926111932 और फोन नंबर 07752-250362 पर संपर्क करने की अपील की है।