रायपुर : नशा और अपराध एक ही सिक्के के दो पहलु है, नशे में ही अधिकांश अपराध होते है और नशे के सौदागर ही अपराधों में लिप्त होते है। ऐसे ही ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस लगातार कार्यवाही कर रही है। इसी कड़ी में राजधानी के टिकरापारा क्षेत्र में पुलिस ने गांजा बेचते हुये युवती सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके पहले 5 नवंबर, 2025 को हुई इस कार्यवाही में आरोपियों के कब्जे से 24.014 किलो गांजा जब्त किया गया था, जिसकी कुल कीमत 2.30 लाख रुपए आंकी गई थी।
इस मामले में आरोपियों से पूछताछ में संलिप्त फरार हिस्ट्रीशीटर उदय जैन का भी नाम सामने आया था, जिसे पुलिस ने अब ओड़िशा से धरदबोचा है। वहीं इस कार्यवाही में उदय के पास से 3 नग मोबाईल फोन जब्त किया गया है। इसके साथ ही उसके खिलाफ आगे की कार्यवाही भी की जा रही है। इसके ऊपर दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी उदय जैन रायपुर के थाना खमतराई का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं सहित अन्य मामलों के 02 दर्जन से अधिक अपराध पंजीबद्ध हैं। साथ ही आरोपी के खिलाफ जिला बदर और एन.एस.ए. की कार्यवाही भी हुई है। फिर भी उसके कृत्य रुक नहीं रहे है।



