अंबिकापुर : एक शादी समारोह में हुए विवाद से सीतापुर शहर में सोमवार देर रात तनाव का माहौल निर्मित हो गया था, यहाँ एक छोटे से विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। यहाँ दो समुदाय के युवकों के बीच मारपीट की घटना के बाद सीतापुर के उरांवपारा के लोग सड़क पर उतर आए। आरोप है कि मुस्लिम समुदाय के कुछ युवक स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल से उरांवपारा पहुंचे और मारपीट तथा गाली-गलौज करते हुए गुंडागर्दी की, उन्होंने महिलाओं से बदसलूकी की और राह चलते लोगों को भी पीटा गया। इसके विरोध में उरांव समाज के लोग रात तक थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठे रहे।
गिरफ्तारी के आश्वासन पर विवाद शांत :
इस कारण मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीतापुर थाने के पास दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर रात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी और गिरफ्तारी के आश्वासन पर विवाद शांत हुआ। मंगलवार सुबह से सीतापुर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के विरोध में लोग शहर बंद कराने निकले। माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है।
पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप :
इस घटना में मिली जानकारी के अनुसार, 29 नवंबर की रात उरांवपारा निवासी अमन खेस एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहीं काराबेल के टोकोपारा निवासी निक्कू खान और महेश दास से उसका विवाद हो गया था। निक्कू खान टेंट व्यवसाय से जुड़ा हुआ है, बताया जा रहा है कि शादी में टेंट व्यवस्था उसी की थी। वहीं बहस के बाद विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। बाद में दोनों पक्ष सीतापुर थाना पहुंचे। इस मामले में अमन खेस का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ निक्कू खान की शिकायत पर उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली, जबकि उसकी शिकायत पर कोई कार्यवाही नहीं की है।
उरांव समाज के लोग आक्रोशित :
इतना ही नहीं इसी विवाद को लेकर सोमवार की रात टोकोपारा के मुस्लिम युवक कथित रूप से स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल से सीतापुर के उरांवपारा पहुंचे थे। यहां उन्होंने अमन खेस के साथ जिसे चाहा उसे मारा। भय का माहौल बनाकर महिलाओं से काफी बदतमीजी भी की। इससे उरांव समाज के लोग आक्रोशित हो गए। उरांव समाज के लोग सड़क पर उतर गए। सीतापुर थाने के सामने अंबिकापुर-पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोग धरने पर बैठ गये। वहीँ उन्होंने सीतापुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की, जिससे विवाद बढ़ गया था। रात होते-होते बड़ी संख्या में उरांव समाज के लोग थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैठ गये। इससे आवागमन भी बाधित हो गया। वहीँ देर रात 12 बजे तक धरना जारी रहा। जाम के कारण दोनों तरफ ट्रकों और दूसरे वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
आरोपियों को तत्काल पकड़ने की मांग :
एसडीओपी राजेंद्र मंडावी के साथ सीतापुर पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करती रही लेकिन आक्रोशित लोगों ने चिन्हित आरोपियों को तत्काल पकड़ने की मांग जारी रखी। इससे माहौल लम्बे समय तक गर्माया हुआ था। देर रात अंबिकापुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों सीतापुर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।
गिरफ्तारी की मांग करते हुए शहर बंद :
अधिकारियों ने बताया कि अमन खेस की शिकायत पर भी एफआइआर दर्ज की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी। इसके बावजूद देर रात तक धरना जारी रहा। आखिरकार मध्य रात्रि के बाद पुलिस की समझाईश का असर हुआ और विरोध प्रदर्शन समाप्त किया गया है। इसी बीच सीतापुर के कई व्हाट्सएप ग्रुप में मंगलवार को घटना के विरोध में नगर बंद की अपील की गई थी। जिसके कारण यहाँ सुबह से सीतापुर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। लोग सड़क पर उतर मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग कर शहर बंद कराने निकले थे। अभी माहौल शांत बताया गया है।



