रायपुर : ठण्ड में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे शाम को सड़कें सूनी होने लगी है। शाम को 7 बजे के बाद ठण्ड बढ़ रही है, तो वहीँ अब आने वाले दो दिनों तक ठंड में काफी वृद्धि होने की सूचना मौसम विभाग द्वारा जारी की गई है। जिसका कारण है छत्तीसगढ़ में उत्तर पश्चिम की ओर से ठंडी और शुष्क हवाएं आ रही हैं। शुष्क हवाओं की वजह से पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीँ मौसम विभाग की माने तो अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की और गिरावट होने का अनुमान है, जिससे कड़ाके की ठण्ड पड़ेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले 2-3 दिन तक तापमान और गिरेगा। हालांकि प्रदेश में फिलहाल शीत लहर जैसी स्थिति नहीं बन रही है। शीतलहर के लिए न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे कम होना चाहिए। इसके साथ ही सामान्य तापमान 4.6 होना चाहिए तब जाकर शीत लहर की स्थिति बनती है। जिसकी अभी कोई सम्भावना नहीं है।
उत्तर छत्तीसगढ़ सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के आसपास चल रहा है। मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के आसपास चल रहा है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री के आसपास चल रहा है। प्रदेश में कहीं पर भी शीतलहर जैसी स्थिति नहीं है। : बीके चिंधालोरे, मौसम वैज्ञानिक
अंबिकापुर में सबसे कम तापमान:
गुरुवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 6.9 डिग्री दर्ज किया गया है जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। उत्तर छत्तीसगढ़ के क्षेत्र में आने वाले चार-पांच दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना नहीं है। फिलहाल ऐसा कोई सिस्टम बनने वाला नहीं है। इसके साथ ही तूफान दितवाह का असर भी खत्म हो गया है। अब कहीं पर भी इसका असर नहीं दिख रहा है, मौसम खुला हुआ है।
फल-सब्जी को हो सकता है नुकसान :
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर घनश्याम साहू ने बताया है कि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे होता है तो यह फलों में पपीता के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इस समय पपीता में रिंग स्पॉट वायरस के अटैक होने की संभावना भी बढ़ जाती है। जो खाने वालों के लिये हानिकारक भी हो सकता है। इसके साथ ही बात अगर सब्जियों की करें तो लौकी, गिलकी, तरोई, खीरा, करेला, कुम्हड़ा जैसी सब्जियों में 10 डिग्री से कम तापमान होने पर चूर्णिल आसिता (भभूतिया रोग) होने की आशंका बढ़ जाती है। बाकी सब्जी और फलों के लिए मौसम उपयुक्त है।
बुधवार को प्रदेश के शहरों का तापमान :
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| रायपुर | 28.3 डिग्री | 14.5 डिग्री |
| माना एयरपोर्ट | 27.6 डिग्री | 13.4 डिग्री |
| बिलासपुर | 27.6 डिग्री | 14.1 डिग्री |
| पेंड्रारोड | 25.4 डिग्री | 10.5 डिग्री |
| अंबिकापुर | 26 डिग्री | 7.5 डिग्री |
| जगदलपुर | 29.1 डिग्री | 14.7 डिग्री |
| दुर्ग | 29.9 डिग्री | 13.2 डिग्री |
| राजनादगांव | 27 डिग्री | 13 डिग्री |



