रायपुर : राजधानी में ठंड लगातार बढ़ती ही जा रही है, वहीँ ईएसएसओ-भारत मौसम विज्ञान विभाग ने छत्तीसगढ़ के मौसम का ताजा जानकारी जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा और अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा, वहीँ ठंड बढ़ने के आसार जताये है। रायपुर सहित कुछ शहरों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में इस दौरान कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश में आगामी 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि के लिए किसी भी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। राजधानी रायपुर शुक्रवार की सुबह के समय धुंध छाये रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। मौसम खुलने पर ठंड बढ़ सकती है। वहीँ मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, कोरबा, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।



