ट्रक की टक्कर से अधेड़ की मौत, मोहल्ले वालों ने किया थाने का घेराव।

रायपुर : राजधानी में दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, छोटी – छोटी घटनाओं की संख्या कम नहीं है, तो वहीँ दुर्घटना से मौत के मामले में भी आये दिन सामने आ रहे है। ऐसे ही राजधानी रायपुर के रिंग रोड स्थित गोंदवारा के पास ट्रक की टक्कर से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। इस घटना की सूचना मिलते ही मृतक के मोहल्ले गोगांव से बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पहुंचे। इसके बाद आक्रोशित परिजन और मोहल्लेवासियों ने थाने का घेराव कर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्यवाही और मुआवजे की मांग की, घटना के बाद यहाँ काफी बवाल मचा था। यह पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को इस हादसे की सूचना देकर थाने बुलाया था। मृतक स्थानीय निवासी होने के कारण बड़ी संख्या में परिचित और मोहल्लेवासी भी थाने पहुंचे थे। वहीँ मृतक के साले रोहित बागड़े ने बताया है कि उनके जीजा बुधवार देर शाम करीब 7 बजे काम से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाये, इस घटना से मृतक के परिजन काफी शोक संतप्त है।

ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस :

इस मामले में थाना प्रभारी भेखलाल चंद्राकर ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना को लेकर एफआईआर दर्ज की जा रही है। हादसे की जांच की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल रहा, जिसे पुलिस ने समझाईश देकर शांत कराया है। कार्यवाही के आश्वासन के बाद लोग वापस लौटे।