रायपुर : छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर है, सरकार उन्हें फिर से एक मौका दिया है। धान खरीदी से वंचित रह गए किसानों को एक बार फिर अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में दो दिनों के लिए फिर धान खरीदी शुरू की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों का धान किसी कारणवश तय समय सीमा में नहीं खरीदा जा सका था, उन्हें ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। इस विशेष अवधि में केवल उन्हीं किसानों से धान की खरीदी की जाएगी, जो पहले वंचित रह गए थे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, आज हमने समीक्षा की है। कुछ किसान जिनका टोकन कट गया था, लेकिन वे धान नहीं बेच पाए थे। कुछ किसानों का पंजीयन भी नहीं हो पाया था। ऐसे किसानों का चिन्हांकन हुआ है। अगले दो दिन के लिए धान खरीदी शुरू करेंगे। सरकार सभी किसानों का धान खरीदेगी। इस तरह किसानों के लिये सरकार की यह सराहनीय पहल है।
लखमा की जमानत पर मुख्यमंत्री बोले अभी निर्णय बचा हुआ है :
कवासी लखमा की रिहाई पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा, अभी बेल मिली है, निर्णय कहां हुआ है। बेल मिलना और निर्णय होना दोनों अलग चीज है। वॉलीबॉल टूर्नामेंट पर सीएम ने कहा, पूरे देश के अलग-अलग राज्यों से 16 टीमों ने भाग लिया है। मैच 8 फरवरी तक चलेगा। सभी खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ में स्वागत है।
छत्तीसगढ़ में खुला पहला अंतरिक्ष केंद्र :
अंतरिक्ष केंद्र युवा सपनों को पूरा करने की प्रयोगशाला बनेगी। यह केंद्र प्रदेश के वैज्ञानिक भविष्य की मजबूत नींव है और पूरे प्रदेश में अंतरिक्ष केंद्रों का विस्तार किया जाएगा। ये बातें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर के राखी में जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट अंतरिक्ष के तहत आयोजित अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के साथ छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र का विधिवत शुभारंभ कर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में अंतरिक्ष संगवारी पहल को विस्तार देते हुए सभी जिलों में अंतरिक्ष केंद्र खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री डॉ. शुभांशु शुक्ला का छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. शुभांशु शुक्ला जैसे व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणा के जीवंत प्रतीक हैं, जिनकी अंतरिक्ष यात्रा ने देश को गौरवान्वित किया है।



