रायगढ़ : जिले में एक युवक ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला के साथ बलात्कार किया है। उसके बाद वह आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर करता रहा। इस मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला छाल थाना इलाके का है। आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया है। साथ ही अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। जिसके बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस मामले में पूरी जानकारी देते हुये पीड़िता ने छाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि दो साल पहले उसकी शादी मध्य प्रदेश में हुई थी। तबीयत खराब होने के कारण वह जनवरी 2025 से अपने मायके में रह रही है। इसी दौरान अप्रैल माह में कच्चे मकान की मरम्मत के लिए मिट्टी गिरवाई गई थी, तभी से आरोपी का घर आना-जाना शुरू हो गया था। 27 साल की महिला की शादी साल 2024 में मध्य प्रदेश में हुई थी। शादी के बाद उसने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन सही इलाज और देखभाल न होने के कारण पांच दिन बाद नवजात की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इसके बाद भी महिला का ठीक से इलाज नहीं किया गया। परेशान होकर वह 24 जनवरी 2025 को छाल क्षेत्र में अपने मायके लौट आई।
माता-पिता की मौत के कारण वह यहां अकेली रह रही थी। पीड़िता के अनुसार छह अप्रैल, रविवार की शाम आरोपी उसके घर आया और बातचीत में उलझाकर उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई। कुछ समय बाद उसे नींद आने लगी। घर में अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो व वीडियो बना लिये। इसके बाद आरोपी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता की शिकायत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए छाल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।



