छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगी ठंड, गिरेगा इतने डिग्री पारा….।

रायपुर : वर्तमान में राज्य में दोपहर में गर्मी का अहसास होने लगा है तो वहीँ सुबह की ठिठुरन अब भी जारी है। वहीँ छत्तीसगढ़ में अब एक बार फिर से कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे रात में ठंड महसूस होने की संभावना है। वहीं अगले पांच दिनों तक दिन के तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

वहीँ पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई है। रायपुर सहित कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। बिलासपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा रोड सहित कई शहरों में तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रिकॉर्ड किया गया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया है। मौसम सामान्य रूप से शुष्क बना रहेगा।