दुर्ग/भिलाई : दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में स्थित CISF आरटीसी से परेशान करने वाली खबर सामने आई है, यहाँ पदस्थ 27 वर्षीय जवान मुकेश सिंह ने गुरुवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह उनका शव आरटीसी कैंप के भीतर साइकिल स्टैंड के पास पार्किंग क्षेत्र में फंदे पर लटका हुआ मिला। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस के अनुसार बताया गया है कि, मृतक जवान मुकेश सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रहने वाले थे।
आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। इसके साथ ही प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जवान लंबे समय से किडनी की बीमारी से ग्रसित थे, और इसी वजह से मानसिक तनाव में होने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल से पुलिस को एक कोरा पेपर भी मिला है, जिसमें जवान ने अपने भाई का नाम और मोबाईल नंबर लिखा था। पुलिस इसे आत्महत्या से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण सुराग मान रही है। उतई थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जवान के साथियों और कैंप स्टाफ से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके, जो कि स्पष्ट नहीं हो सका है, पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है।



