पिस्टल के दम पर नकाबपोश बदमाशों ने सराफा कारोबारी से लूटे लाखों के जेवरात, व्यापारियों में डर का माहौल।

बिलासपुर : बदमाशों के हौंसले इस कदर बुलंद है कि पिस्टल के दम पर खुलेआम लूट की घटना को अंजाम दे रहे है। ऐसा ही मामला सामने आया है जहाँ न्यायधानी में मंगलवार की देर रात सरकंडा थाना क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी पर हमला कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। यह घटना रात 9 बजे के आस पास राजकिशोर नगर से टेलीफोन एक्सचेंज रोड के बीच की है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बन गया और इस खबर के मिलने के बाद व्यापारियों में डर का माहौल बन गया है। 

जानकारी के अनुसार, कारोबारी संतोष तिवारी अपनी दुकान से कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शक्ति चौक से बीएसएनएल ऑफिस के बीच कार एवं बाइक पर सवार 3 से 4 नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को जबरन रुकवा लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल तानकर जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने पिस्टल के बट और हथौड़े से संतोष तिवारी के सिर पर हमला कर दिया जिससे वे घायल हो गये और कार में रखे हुये जेवरात लेकर बदमाश फरार हो गए। घायल संतोष तिवारी किसी तरह सरकंडा थाने पहुंचकर पूरी आपबीती सुनाई।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि पीड़ित को अज्ञात व्यक्तियों ने रोककर मारपीट की और लूट की वारदात को अंजाम दिया। वहीँ मौके से एक मैगजीन और कुछ राउंड बरामद हुए हैं, जिन्हें चलाया नहीं गया था। हमला करने से पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई है। इस मामले मे पुलिस घटना को गंभीरता से लेते हुए चारों ओर नाकेबंदी कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तलाश कर रही है, जिससे आरोपियों का पता चल सके।